अफगान सैन्य बेस पर आतंकी हमला, मृतक संख्या 140 हुई, मोदी ने जताया दुख

www.khaskhabar.com | Published : शनिवार, 22 अप्रैल 2017, 08:13 AM (IST)

काबुल। अफगानिस्तान में एक सैन्य बेस पर तालिबान आतंकियों के हमले में मरने वालों की संख्या 140 पहुंच गई है। अफगानिस्तान के अधिकारियों ने इस बात की पुष्टि की है। तालिबान आतंकियों ने बाख इलाके में मस्जिद से सटे सैन्य ठिकाने को निशाना बनाया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हमले की निंदा की है, साथ ही मरने वालों के परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं साझा की हैं। मोदी ने एक ट्वीट करते हुए लिखा, ‘मैं मजार-ए-शरीफ में हुए कायराना आतंकवादी हमले की कड़ी निंदा करता हूं। हम इस हमले में अपने प्रियजन को खोने वाले परिवारों के लिए प्रार्थना करते हैं और उनके प्रति संवेदनाए प्रकट करते हैं।’
गौरतलब है कि अफगानिस्तान के उत्तरी बाख प्रांत में शुक्रवार को सेना की एक टुकड़ी पर तालिबान आतंकियों ने हमला कर दिया था। इसमें 140 लोगों की मौत हो गई, जिनमें 100 से ज्यादा सैन्यकर्मी बताए जा रहे हैं। इस दौरान एक हमलावर भी मारा गया। हमले में प्रांत की राजधानी मजार-ए-शरीफ शहर के बाहरी इलाके में दोपहर 2 बजे (स्थानीय समय) 209 शाहीन सैन्य दल को निशाना बनाया गया। इसके बाद सेना ने भी जवाबी कार्रवाई की। खबरों के मुताबिक, सेना की वर्दी पहने आतंकी अचानक सैन्य बेस में घुस आए और उन्होंने बेस में मौजूद सैनिकों पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। अफगानिस्तान के रक्षा मंत्रालय ने शनिवार को कहा कि हमले के समय हमारे अधिकतर सैनिक शुक्रवार की नमाज पढ़ रहे थे।

अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

इससे पहले शुक्रवार को रक्षा मंत्रालय के एक बयान में कहा गया था, ‘एक हमलावर मारा गया, एक को आत्मघाती जैकेट के साथ गिरफ्तार कर लिया गया और तीसरे आतंकी को पकडऩे का प्रयास जारी है।’ 6 हमलावर सेना की वर्दी पहने हुए सेना की दो जीपों में पहुंचे और सामने के गेट से होते हुए आगे निकल गए। बयान के अनुसार, उन्होंने एक रॉकेट छोड़ा और एक मस्जिद पर हमला किया, जहां सैन्यकर्मी जुमे की नमाज अदा कर रहे थे। सैन्य मुख्यालय अफगानिस्तान नेशनल आर्मी के 209वीं कॉप्र्स का मुख्यालय है। तालिबान ने इस हमले की जिम्मेदारी ले ली है।

जो भी यहां आया बन गया "पत्थर"