परिवार कल्याण कार्य योजना में रहेगा गुणवत्तापूर्ण सेवाओं पर फोकस - जैन

www.khaskhabar.com | Published : गुरुवार, 20 अप्रैल 2017, 7:23 PM (IST)

जयपुर। प्रदेश में संचालित राष्ट्रीय परिवार कल्याण कार्यक्रम में क्वालिटी, काउंसलिंग और गर्भनिरोधक साधनों की डिमांड सप्लाई प्रणाली पर विशेष फोकस रखते हुए वार्षिक कार्ययोजना बनाई जाए। साथ ही इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में परामर्श सेवाओं को बढ़ावा देने सहित गुणवत्तापूर्ण परिवार नियोजन सेवाओं को जिलास्तरीय कार्ययोजना में शामिल कर क्रियान्यन सुनिश्चित किया जाए। ये कहना है स्वास्थ्य सचिव और मिशन निदेशक एनएचएम नवीन जैन का। वे गुरूवार को झालाना डूंगरी स्थित राज्य स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण संस्थान में आयोजित राष्ट्रीय परिवार कल्याण कार्यक्रम की राज्यस्तरीय कार्ययोजना निर्माण एवं समीक्षा बैठक में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि राष्ट्र के चहुंमुखी विकास में जनसंख्या स्थिरीकरण एक अहम पहलू है और प्रदेश में इस वर्ष सुनियोजित रिजल्ट आॅरिएंटेड परिवार कल्याण कार्य योजना बनाकर समयबद्ध लागू किया जाए। उन्होंने सभी जिलों से आए परिवार कल्याण कार्यक्रम के नोडल अधिकारियों को उपलब्ध चिकित्सीय संसाधनों सहित लाभार्थियों की आवश्यकताओं को भी शामिल करते हुए जिला कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। जैन ने कहा कि वर्ष 2016-17 में 2 लाख से अधिक प्रसूताओं की ओर से प्रसव बाद आईयूसीडी को अपनाया गया है, जो कि एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। उन्होंने स्वास्थ्य कार्मिकों को इसके बारे में आवश्यक प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए। प्रदेशभर में गर्भ निरोधक साधनों के कुशल प्रबन्धन के लिए ई साधन आॅनलाईन साॅफ्टवेयर का उपयुक्त उपयोग कर प्रभावी डिमांड और सप्लाई प्रक्रिया सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में निदेशक परिवार कल्याण डाॅ वी के माथुर, परियोजना निदेशक परिवार कल्याण डाॅ ओ पी कुलहरी, सभी जिलों के डिप्टी सीएमएचओ परिवार कल्याण सहित डवलपमेंट पार्टनर यूएनएफपीए, यूनीसेफ, नीपि और पार्थ फाइन्डर के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे