बीकानेर। वन-उम्माह तंजीम ने बॉलीवुड़ गायक सोनू निगम की ओर से अजान के लाउडस्पीकर के बारे में किए गए ट्वीट को लेकर कोटगेट पर सोनू निगम का पुतला फूंककर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान उसके पोस्टर व गीतों की सीडियां भी जलाई गई। विरोध प्रदर्शन में भारी संख्या मे युवाओं ने सार्दुल स्कूल के आगे एकत्रित होकर कोटगेट तक सोनू निगम के पुतले की अर्थी निकाली और कोटगेट पर पहुंचकर पुतले जलाया गया। विरोध प्रदर्शन करने वालों में वन-उम्माह बीकानेर के अध्यक्ष एडवोकेट जावेद खान कल्लर ने बताया कि हम भारत जैसे धर्मनिरपेक्ष और लोकतांत्रिक देश में निवास करते हैं, जहां सबसे बड़ा और लिखित संविधान है। इसमें धर्म की स्वतंत्रता का अधिकार हमें डॉ. भीमराव अंबेडकर ने दिया है और धर्म की स्वतंत्रता के अधिकार पर सभी भारत के नागरिकों को समान अधिकार है। जिस तरह से सोनू निगम ने मस्जिदों में अजान, मंदिरों में भजन और गुरुद्वारे में गुरवाणी के लाउडस्पीकर को लेकर नींद खराब होने का बयान दिया है, उससे नागरिकों में रोष व्याप्त है। सोनू के बयान से बीकानेर ही नहीं बल्कि भारत के सभी मजहबों को मानने वालों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई है। मोहम्मद सलीम ने बताया कि भारत एक धार्मिक देश है और विभिन्न धर्मों को मानने वाले लोगों की आस्था के साथ कोई ऐसे खिलवाड़ नहीं कर सकता। उन्होंने कहा कि सोनू निगम जब देर रात तक स्टेज शो करता है तो उससे भी लोगों की नींद खराब होती है। इस तरीके से सस्ती लोकप्रियता हासिल करने के लिए किसी की भी धार्मिक भावनाओं को आहत नहीं कर सकते। सब जानते हैं कि पुराने जमाने में बिजली नहीं थी, उसी तरह से भारत में दिग्गज संगीत सम्राट हुए है और वह बिना किसी माइक के गाया करते थे। सोनू निगम को भी चाहिए कि वह माइक पर गाना बंद कर दें। विरोध प्रदर्शन में मोहम्मद सद्दाम, मोहम्मद सदीक, हाफीज गुलाम मोहम्मद, इनायत अली कुरैशी, तारिक सुलेमानी, अकरम कोहरी, मुल्ला महबूब, इमरान मोयल, इरफान कायमखानी, रमजान कायमखानी, वसीम राजा, खुशी मोहम्मद सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद थे।