चौटाला परिवार में दुष्यंत की शादी की शहनाइयां

www.khaskhabar.com | Published : बुधवार, 19 अप्रैल 2017, 4:53 PM (IST)

बलवंत तक्षक, चंडीगढ़। चौटाला परिवार में लंबे समय के बाद खुशियों का माहौल है। शादी की शहनाइयां बज रही हैं। चौटाला गांव से ले कर सिरसा और गुरुग्राम से ले कर दिल्ली तक प्रीतिभोज के कार्यक्रम जारी हैं। 28 साल के हो चुके सांसद दुष्यंत चौटाला ने आज अपने परिवार के लोगों की मौजूदगी में हरियाणा पुलिस में आईजी परमजीत सिंह अहलावत की बेटी मेघना के साथ सात फेरे ले कर जीवन भर साथ निभाने का संकल्प लिया।

दिल्ली में 20 अप्रैल को वर-वधु के लिए बड़े पैमाने पर आशीर्वाद समारोह आयोजित किया जा रहा है। खुशी के इस मौके पर राष्ठपति प्रणब मुखर्जी, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उनके मंत्रिमंडल के सहयोगियों, मुख्यमंत्रियों और सांसदों को आमंत्रित किया गया है। इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के वरिष्ठ नेता भी समारोह में शामिल होंगे।

अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

दुष्यंत चौटाला पूर्व उप प्रधानमंत्री चौधरी देवीलाल की चौथी पीढ़ी के सांसद हैं। हरियाणा की राजनीति में देवीलाल एक बड़ा राजनीतिक घराना है। राजस्थान व हरियाणा से सांसद रहे देवीलाल के बेटे पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला हिसार से सांसद रह चुके हैं। चौटाला के बेटे अजय सिंह भिवानी से सांसद चुने गए थे। अजय के बड़े बेटे दुष्यंत चौटाला इस समय हिसार से इनेलो के सांसद हैं। जब वे विजयी घोषित किए गए, तब लोकसभा में सबसे छोटी उम्र के सांसद थे। चुनाव जीतने के तीन साल बाद अब वे शादी के बंधन में बंध गए हैं। दुष्यंत की मां नैना चौटाला भी विधायक हैं।


हम लिखते हैं दोनों हाथ से, दायां हो या बायां

चौटाला के बड़े बेटे अजय सिंह के दो बेटे हैं। दुष्यंत और दिग्विजय। दूसरे बेटे अभय सिंह के भी दो बेटे हैं। करण और अर्जुन. परिवार के सभी लोग राजनीति में सक्रिय हैं। गौरतलब है कि अभय चौटाला इस समय हरियाणा विधानसभा में विपक्ष के नेता हैं। ओमप्रकाश चौटाला के अलावा देवीलाल के दो अन्य बेटों में, प्रताप सिंह विधायक थे और रणजीत सिंह मंत्री रह चुके हैं। देवीलाल के बड़े भाई साहेब राम भी संयुक्त पंजाब में विधायक होते थे। यह लंबा-चौड़ा राजनीतिक परिवार इन दिनों 28 साल बाद चौथी पीढ़ी की पहली शादी की शहनाइयों की गूंज पर खुशियां मना रहा है।

अनाथ और गरीब बच्चों के मन की मुराद पूरी कर रहा है साई सौभाग्य मंदिर