करनाल। जिले में बरसाती पानी की सुचारू निकासी को लेकर स्थानीय विकास सदन में बैठक का आयोजन किया गया। बैठक अध्यक्षता उपायुक्त मंदीप सिंह बराड़ ने की। बैठक में उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि आगामी मानसून के सीजन को देखते हुए बरसाती पानी की निकासी के व्यापक प्रबंध पहले से सुनिश्चित किए जाएं। जिससे की आमजन को किसी भी प्रकार की परेशानी ना हो।
डीसी ने कहा कि बरसाती सीजन में पानी के जमा होने से एक ओर जहां बीमारियों के फैलने का आंदेशा बना रहता है, वहीं दूसरी ओर यातायात को सुचारू रूप से चलने में भी परेशानी होती है। आमजन की इन समस्याओं को मद्देनजर रखते हुए बरसाती पानी की निकासी के लिए पहले से प्रबंध किया जाना चाहिए। उपायुक्त ने नगर निगम आयुक्त आदित्य दहिया को निर्देश दिए कि नगर निगम क्षेत्र में आने वाली सभी ड्रेन की सफाई सुनिश्चित करें तथा सुपर-सकर मशीन की व्यवस्था भी करें। उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी प्रकार का जल भराव होने की स्थिति में जनरेटर सहित डी-वॉटरिंग पम्प की भी व्यवस्था सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी नगरपालिका सचिवों को निर्देश दिए कि वे भी अपने-अपने नगरपालिका क्षेत्र में ड्रेनों की सफाई सुनिश्चित करें तथा जल भराव से निपटने के लिए पहले से ही इंतजाम करें।
इस मौके पर उन्होंने सभी खंड विकास एवं पंचायत अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे भी बरसाती सीजन को देखते हुए अपने-अपने क्षेत्र में व्यापक इंतजाम सुनिश्चित करें। उन्होंने सिंचाई विभाग के अधीक्षक अभियंता को भी निर्देश दिए कि सिंचाई विभाग से सम्बन्धित सभी ड्रेनों की सफाई सुनिश्चित करें। इस मौके पर उन्होंने जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को बरसाती पानी की निकासी के लिए पर्याप्त संख्यां में डी-वॉटरिंग पम्प की व्यवस्था करना सुनिश्चित करें।
इस मौके पर एडीसी डॉ. प्रियंका सोनी, आयुक्त नगर निगम आदित्य दहिया, करनाल के एसडीएम योगेश कुमार, इन्द्री के एसडीएम अश्विनी मलिक, असंध के एसडीएम अनुराग ढालिया सहित सम्बन्धित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।