पणजी। गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर ने शनिवार को उन खबरों का खंडन किया है जिनमें उन पर कश्मीर मुद्दे के दबाव के चलते केंद्र छोडक़र भागने के आरोप लगाए गए हैं। विपक्षी पार्टियों ने हालांकि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता पर्रिकर को ‘देशद्रोही’ और ‘भगोड़ा’ कहकर उन पर जमकर निशाना साधा। ऑल इंडिया कांग्रेस कमिटी के सचिव गिरीश चोडंकर ने कहा कि पर्रिकर ने रक्षा मंत्री रहते हुए पाकिस्तान से सिर्फ एक ही चीज सीखी, घात लगाकर हमला करना।
कांग्रेस ने गोवा में पिछले महीने हुए विधानसभा चुनाव में दूसरे नंबर पर रहने के बावजूद भाजपा द्वारा सत्ता हथियाने के संदर्भ में यह आरोप लगाया। चोडंकर ने यहां पार्टी मुख्यालय पर पत्रकारों से कहा, ‘‘कांग्रेस का मानना है कि गोवा का मुख्यमंत्री बनने से कहीं अहम देश की सीमा की सुरक्षा है। पर्रिकर का गोवा लौटना देशद्रोह है। साफ दिखा कि वह रक्षा मंत्रालय छोडक़र भाग खड़े हुए। वास्तव में पर्रिकर भारत के इतिहास के सबसे खराब रक्षा मंत्री रहे।’’
उन्होंने आगे कहा, ‘‘रक्षा मंत्री रहते हुए पर्रिकर ने पाकिस्तान से सिर्फ एक बात सीखी कि घात लगाकर छिपकर हमला कैसे किया जाता है, जिसका पाकिस्तान में काफी प्रचलन है, जहां सेना जनता द्वारा चुनी हुई सरकार को अपदस्थ करती रही है। इसमें कोई अचरज नहीं है कि पर्रिकर ने गोवा में भी वही किया और अनुचित तरीके से भाजपा को सत्ता दिलाई।’’
अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे
शुक्रवार को आई कुछ खबरों में पर्रिकर के हवाले से कहा गया है कि उन्होंने
केंद्र में अपना संवेदनशील मंत्रालय इतने कम समय में कश्मीर मुद्दे सहित कई
अन्य मुद्दों पर दबाव बनने के कारण छोड़ा। पर्रिकर ने वहीं शनिवार को
ट्विटर पर स्पष्टीकरण दिया कि शुक्रवार को आई खबरें ‘तथ्यात्मक रूप से गलत’
थीं।