पंचायती जमीन पर कब्जे के विवाद में 1 जने की हत्या, 3 घायल

www.khaskhabar.com | Published : शुक्रवार, 14 अप्रैल 2017, 5:50 PM (IST)

फतेहाबाद। फतेहाबाद जिले के जांडलीखुर्द गांव में शुक्रवार को 2 गुटों के बीच पंचायती जमीन पर कब्जे के विवाद को लेकर खूनी संघर्ष हो गया। मामला इतना बढ़ा कि झगड़े में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 3 लोग घायल हो गए। घटना की सूचना मिलने पर भूना थाना पुलिस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को फतेहाबाद के नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

एएसपी गंगाराम पूनिया ने बताया कि 2 पक्षों के बीच गांव में पंचायती जमीन पर कब्जे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। यह मामला कोर्ट में भी विचाराधीन है। शुक्रवार को एक पक्ष की ओर से विवादित जगह पर उपले थापने शुरू किए तो दूसरे पक्ष ने इस पर एतराज जताया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच झगड़ा हो गया।


अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

आरोपों के अनुसार मौके पर झगड़े के दौरान दोनों पक्षों के 4 लोग घायल हो गए। इनमें से एक घायल ने अस्पताल पहुंचने से पहले दम तोड़ दिया। मृतक 56 वर्षीय शमशेर सिंह के परिजनों ने आरोप लगाया कि दूसरे पक्ष के लोगों ने शमशेर सिंह को बुरी तरह पीटा जिससे उसकी मौत हो गई। वहीं शमशेर सिंह के अलावा 3 अन्य घायलों को फतेहाबाद के नागरिक अस्पताल में उपचार जारी है।

एएसपी गंगाराम पूनिया ने बताया कि मामले में मृतक के परिजनों की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। शव का फतेहाबाद के नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है।पोस्टमार्टम रिपोर्ट व सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरी घटना की जांच कर रही है।

सावधान हो जायें अब भ्रस्ट अफसर