पार्षद ने लिखा अमित शाह को पत्र तो पार्टी ने दिखा दिया बाहर का रास्ता

www.khaskhabar.com | Published : शुक्रवार, 14 अप्रैल 2017, 12:51 PM (IST)

मोहाली। नगर निगम के एक पार्षद को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह को पत्र लिखने पर पार्टी विरोधी गतिविधियों के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया गया। गुरुवार को वार्ड-37 से भाजपा पार्षद सिंदरपाल सिंह उर्फ बॉबी कंबोज का पार्टी ने छह साल के लिए निष्कासन कर दिया।
पार्षद ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह को दो दिन पहले एक पत्र लिखा था। पत्र में लिखा गया था। पत्र में पंजाब भाजपा में अविनाश राय खन्ना के बाद जितने भी अध्यक्ष बनाए गए हैं, उनका पार्टी कार्यकर्ताओं से तालमेल नहीं होने की बात कही गई थी। साथ ही कहा गया कि तालमेल के अभाव के नतीजे विधानसभा चुनाव में मोदी लहर होने के बाद भी पंजाब में भुगतने पड़े। पार्षद ने पत्र में कहा कि जो भी कार्यकर्ता इस मामले में आवाज उठता है उसे पार्टी में बदनाम कर दिया जाता है।
मुझे जनता ने चुना है
पार्टी से निष्कासन पर पार्षद सिंदरपाल उर्फ बॉबी कंबोज का इस मामले में कहना है कि मेरे पास जिले में पार्टी का कोई पद नहीं है। मैं भाजपा का पार्षद हूं और मुझे जनता ने चुना है। मुझे पार्टी से नहीं निकाला जा सकता। मेरी सुनवाई तक नहीं हुई। पहले मामला अनुशासनात्मक कमेटी के पास जाना चाहिए था। मैं भी अपना पक्ष रखता। ये तो एक तरफा फैसला है। आगे क्या करना है देखता हूं।
खुशवंत राय की थी सिफारिश
पार्षद ने अमित शाह को लिखे पत्र में कंबोज ने पंजाब भाजपा का अध्यक्ष खुशवंत राय गीगा को बनाने की सिफारिश की थी। पार्षद ने पत्र में लिखा कि गीगा पार्टी में लंबे समय से काम कर रहे हैं और कार्यकर्ताओं के साथ उनके बेहतर रिश्ते हैं, इसलिए उन्हे अध्यक्ष बनाया जाए।

अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे