रील को राष्ट्रपति ने किया सम्मानित

www.khaskhabar.com | Published : मंगलवार, 11 अप्रैल 2017, 7:16 PM (IST)

जयपुर/नई दिल्ली। राजस्थान इलेक्ट्रॉनिक्स एंड इंस्ट्रूमेन्ट्स लिमिटेड (रील) को ‘इंडिविजुअल लीडरशिप कैटेगिरी’ में ‘स्कोप एक्सीलेंस अवॉर्ड’ एवं ‘अनुसंधान, नवाचार व तकनीकी विकास’ के लिए कंपनी को ‘स्कोप मेरिटोरियस अवॉर्ड 2014-15’ से सम्मानित किया गया। राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी से यह पुरस्कार रील के प्रबंध निदेशक ए.के. जैन ने ग्रहण किया।

स्कोप द्वारा नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में केन्द्रीय भारी उद्योग एवं लोक उद्यम मंत्री अनंत गीते एवं केन्द्रीय भारी उद्योग एवं लोक उद्यम राज्य मंत्री बाबुल सुप्रियो व गणमान्य अतिथियों कि उपस्थिति में यह पुरस्कार प्रदान किए गए। यह प्रतिष्ठित पुरस्कार स्कोप द्वारा सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों को देश के आर्थिक, औद्योगिक और सामाजिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान के लिए दिए जाते हैं। इस अवसर पर भारत सरकार के लोक उद्यम विभाग की सचिव सीमा बहुगुणा भी उपस्थित थीं।

इस अवसर पर रील के प्रबंध निदेशक ए.के.जैन ने बताया कि रील, केन्द्रीय भारी उद्योग और लोक उद्यम मंत्रालय के प्रशासनिक नियंत्रण के अधीन ‘मिनी रत्न’, ‘सी’ श्रेणी का सार्वजनिक क्षेत्र का उद्यम है। वर्ष 1981 में स्थापना के बाद से ही कंपनी निरतंर बेहतर ट्रैक रिकॉर्ड के साथ पेशेवर प्रबंधन और लाभदायक पथ पर अग्रसर है।

अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे