बंगाली फिल्म की नकल नहीं है हिन्दी मीडियम

www.khaskhabar.com | Published : सोमवार, 10 अप्रैल 2017, 09:50 AM (IST)

हाल ही में जारी हुए फिल्म हिन्दी मीडियम के ट्रेलर के बाद यह कहा जाने लगा था कि यह फिल्म बंगाली फिल्म ‘रामधुन’ की नकल है। इन समाचारों से इरफान खान और सबा कामर अभिनीत फिल्म के निर्देशक साकेत चौधरी ने एक बयान जारी करके कहा है कि उनकी यह फिल्म कहीं से भी ‘रामधुन’ की नकल नहीं है। बॉलीवुड स्टार इरफान खान की फिल्म हिंदी मीडियम का ट्रेलर 6 अप्रैल को जारी किया जा चुका है। हालांकि ट्रेलर रिलीज किए जाने के कुछ ही दिनों बाद फिल्म के एक बंगाली फिल्म की कॉपी होने की खबरें भी आना शुरू हो गईं। ट्रेलर लांच के दौरान निर्देशक साकेत चौधरी ने फिल्म की कहानी के बारे में बात करते हुए कहा था, हिंदी मीडियम एक ऐसी कहानी है जो बताती है कि किस तरह ज्ञान का माध्यम शिक्षा असमानता फैलाने की एक वजह बन गई है। यह असमानता अंग्रेजी भाषा ने फैलाई है - स्कूल बनाम क्षेत्रीय भाषा के स्कूल, प्राइवेट स्कूल बनाम गवर्नमेंट स्कूल।


अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

फिल्म के बारे में शुरू में इस तरह की खबरें आई थीं कि यह फिल्म बंगाली फिल्म ‘रामधनु’ की रीमेक है। हालांकि अब निर्देशक साकेत ने इन खबरों से इनकार किया है। उन्होंने कहा- हमने अपनी पटकथा पर शोध किया है और यह ऑरिजनल मैटेरियल पर आधारित है। मैं सभी से निवेदन करूंगा कि बिना तथ्यों को जाने किसी भी तरह के नतीजे पर नहीं पहुंचें और तथ्यों को फिल्म देखने के बाद ही जांचा जा सकता है। जहां तक फिल्म रामधनु का सवाल है तो बता दें कि नंदिता रॉय और शिबोप्रसाद मुखर्जी सह-निर्देशित यह फिल्म एक ऐसी मां के बारे में है जो कि अपनी 5 साल की बच्ची को एक जाने माने स्कूल में दाखिला दिलाने के लिए जी तोड मेहनत कर रही है।


बॉलीवुड में नेताओं के बच्चे...कोई हिट,कोई फ्लॉप

उसका पति एक मिडिल क्लास इंसान है जो कि दुकान चलाता है। वह अंग्रेजी नहीं बोल सकता लेकिन बावजूद इस सब के वह अपनी पत्नी की ख्वाहिश पूरी करने के लिए हर संभव कोशिश करता है। यहां तक कि वह स्कूल अथॉरिटीज को घूस तक देने की कोशिश करता है। फिल्म के ट्रेलर के रिलीज के वक्त इरफान खान ने अपने स्कूल के दिनों को याद करते हुए बताया- मेरे क्लासमेट्स और टीचर्स को यह पता ही नहीं होता था कि मैं क्लास में हूं भी। मैं बहुत खोया-खोया रहता था, किसी को नहीं पता होता था कि मैं कहां हूं। जब मेरे टीचर्स मुझसे मेरा नाम पूछा करते थे, वह कभी मेरा जवाब नहीं सुन पाते थे, और फिर मुझे डांट कर वह मुझसे जोर से बोलने को कहा करते थे।

जब पहले ब्वॉयफ्रेंड से मिली दीपिका तो हुआ कुछ ऐसा....