करौली। सिलिकोसिस बीमारी से पीड़ित लोगों के लिए प्रदेश में राज्य सरकार की ओर से करीब 125 करोड़ का अनुदान दिया जा रहा है। जिससे प्रभावितों को हरसंभव सहायता दी जा सकेगी और प्रशासनिक अधिकारियों को ऐसा करना भी चाहिए। ये कहना है राजस्थान राज्य मानव अधिकार आयोग के अध्यक्ष न्यायमूर्ति प्रकाश टाटिया का। जो गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सिलिकोसिस बीमारी के संबंध में आयोजित बैठक में जिलास्तरीय अधिकारियों के साथ चर्चा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सिलिकोसिस एक जानलेवा बीमारी है, जिससे निपटने के लिए आयोग की ओर से अंतर्राष्ट्रीय स्तर की रिपोर्ट तैयार की गई है। इस रिपोर्ट के आधार पर सिलिकोसिस बीमारी से पीडित व्यक्तियों की हरसंभव सहायता की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे सिलिकोसिस बीमारी से पीडितों को अनुदान समय पर मुहैया कराएं। वहीं बैठक में जिला कलक्टर मनोज कुमार शर्मा ने कहा कि जिले में सिलिकोसिस बीमारी से पीड़ित और मृतक आश्रितों को राज्य सरकार की ओर से राशि स्वीकृत होने के उपरांत शीघ्र ही सहायता राशि स्वीकृत कर दी जाएगी। उन्होंने बताया कि जिले में सिलिकोसिस बीमारी से 512 पीड़ित और 45 मृतक आश्रित परिवार है।