सुरंग के उद्घाटन बाद PM बोले,कश्मीर को टूरिज्म व टेररिज्म में से एक को चुनना है

www.khaskhabar.com | Published : रविवार, 02 अप्रैल 2017, 08:19 AM (IST)

जम्मू। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित देश की सबसे लंबी नाशरी-चेनानी सुरंग का उद्घाटन किया। पीएम मोदी ने उधमपुर में जनसभा में कहा, कश्मीर की जनता को टूरिज्म व टेररिज्म में से एक राह को चुनना है। उन्होंने कहा, 40 साल से खूनी खेल किसी का भला नहीं कर पाया। केवल मांओं से उनके बेटे को छीना गया।

मोदी ने कहा, आप स्वयं अपने मोबाइल पर फलैश जला कर इस सुरंग का उद्घाटन करें। उन्होंने कहा, कश्मीर को विकास की राह पर ले जाना है। मोदी ने कहा कि यह जम्‍मू कश्‍मीर के विकास के लिए बड़ी छलांग है। इसमें भारत सरकार के पैसे के साथ ही जम्‍मू कश्‍मीर की मेहनत का पसीना भी लगा है।


मोदी ने कहा, यह सुरंग कश्मीर के युवाओं के लिए रोगजार के नए द्वार खोलेगी। कश्मीर में ऐसी कई और सुरंगें बनाने की योजना है। इससे हिंदुस्तान से कश्मीर का जुड़ाव केवल रास्तों का ही नहीं होगा बल्कि दिलों का नेटवर्क भी जुड़ेगा।

प्रधानमंत्री ने कहा, कश्मीरियत, इंसानियत, जम्हूरियत के मूलमंत्र के साथ कश्मीर को हम विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे। अगर पर्यटन पर ध्यान दिया गया होता तो पूरी दुनिया कश्मीर आना चाहती। सुरंग के निर्माण से कश्मीर में पर्यटन बढ़ेगा। उन्होंने प्रदेश की मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती को केंद्रीय कोष का राज्य के विकास के लिए उपयोग करने पर बधाई दी। उन्होंने आगे मदद जारी रखने का आश्वासन दिया।

मोदी ने कहा, पिछले साल केंद्र सरकार ने राज्य के लिए 80,000 करोड़ रुपये पैकेज का ऐलान किया था और मैं महबूबा और उनकी सरकार को इस बात के लिए बधाई दूंगा कि वह इस राशि में से आधे का प्रयोग कर चुकी है। इस तरह के पैकेज पर काम शुरू करने में वर्षो लग जाते हैं लेकिन महबूबा सरकार ने प्रशंसनीय कार्य किया है। उन्होंने राज्य की पर्यटन संभावनाओं के दोहन की अपील करते हुए घाटी के लोगों से कहा कि प्रदेश की तकदीर बदलने के लिए सरकार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम करें।

चेनानी से नाशरी तक बनी यह सुरंग देश की सबसे लंबी सुरंग है। यह विश्वस्तरीय खूबियों के साथ स्मार्ट सुरंग है जिसमें मोबाइल से लेकर इंटरनेट तक काम करता है।

इससे पहले राज्‍य की मुख्‍यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने कहा कि इस सुरंग से लोगों के बीच की दूरियां भी कम होगी। राज्‍य का पर्यटन बढ़ेगा। उन्‍होंने पिछले साल कठिन समय में मदद के लिए मोदी सरकार को धन्‍यवाद भी दिया।

इससे पहले मोदी ने रिमोट से इस सुरंग का उद्धाटन किया। मोदी ने बाद में खुली जिप्‍सी में सवार होकर इस सुरंग का जायजा भी लिया। बीच में कुछ समय के लिए रूके भी और वहां उन्‍होंने फोटो भी खिंचवाई।

पीएम मोदी द्वारा इसे राष्ट्र के नाम समर्पित किए जाने के साथ ही इस पर वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई। मोदी के साथ सडक़ परिवहन एवं राजमार्ग व नौवहन मंत्री नितिन गडकरी और प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह भी मौजूद थे। मोदी उधमपुर में रैली को भी संबोधित करने वाले हैं। सीमा पर बिगड़े हालातों और चेतावनी के बीच प्रधानमंत्री की यात्रा के लिए बहु-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई थी।

इस सुरंग से सूबे की दोनों राजधानियों, जम्मू और श्रीनगर के बीच यात्रा का समय दो घंटे तक घट जाएगा। अब चेनानी और नाशरी के बीच की दूरी 41 किलोमीटर से घटकर 10.9 किलोमीटर रह जाएगी। वहीं, कश्मीर में अलगाववादी नेताओं ने रविवार को प्रधानमंत्री के राज्य के दौरे के मद्देनजर बंद का आह्वान किया है।

जानें, सुरंग से जुड़ी 10 दिलचस्प बातें

1. करीब 2500 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 9.2 किलोमीटर लंबी नाशरी-चेनानी दो लेन सुरंग देश की सबसे लंबी और एशिया की सबसे लंबी सुरंग है।

2. अब जम्मू और श्रीनगर के बीच यात्रा का समय 100 किलोमीटर, यानी दो घंटे तक कम हो जाएगा।

3. इस सुरंग को बनाने में सात साल का समय लगा है। मौसम खराब होने पर जब जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग बंद हो जाता है, उस समय भी यह सुरंग खुली रहेगी। यह सुरंग उधमपुर जिले के चेनानी को कश्मीर के रामबन जिले में स्थित नाशरी से जोड़ेगी।

4. 1,200 मीटर की ऊंचाई पर स्थित सुरंग में यातायात और आग नियंत्रण प्रणाली, वीडियो निगरानी, एफएम कनेक्टिविटी और ट्रांसवर्स वेंटिलेशन सिस्टम भी है।

अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

5. इस सुरंग के माध्यम से यात्रा करने से न केवल दो घंटों की बचत होगी, बल्कि वाहनों द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले ईंधन पर आने वाले खर्च में भी प्रतिदिन 27 लाख रुपये की बचत होगी।
6. इस सुरंग को बनाने में कुल 1,500 इंजिनियरों, जियोलॉजिस्ट्स और श्रमिकों की मेहनत लगी है।

7. इस सुरंग में दो ट्यूब्स हैं। ये दोनों रास्ते 29 क्रॉस पैसेजों की मदद से आपस में जुड़े हुए हैं। हर एक पैसेज 300 मीटर की दूरी पर है।

8. सुरंग की निगरानी के लिए इसके अंदर 124 सीसीटीवी कैमरा लगाए गए हैं। अगर कोई इसके अंदर यातायात नियमों का उल्लंघन करता है, तो कंट्रोल रूम इस बात की जानकारी यातायात पुलिस को देगा। सुरंग के बाहर दोनों तरह ट्रैफिक पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर जुर्माना लगाया जाएगा।

9. इतने लंबे सुरंग में कई बार ऑक्सीजन की कमी परेशान कर सकती है। सुरंग के अंदर अधिक मात्रा में कार्बन-डाइऑक्साइड ना बने, इसे सुनिश्चित करने के लिए जहब-जगह हवा बाहर निकालने के लिए छिद्र बनाए गए हैं। हवा के आने-जाने की व्यवस्था भी की गई है।

10. इस सुरंग के अंदर पार्किंग की भी व्यवस्था की गई है। अगर सुरंग के अंदर कोई गाड़ी खराब हो जाती है, तो उस स्थिति में ये पार्किंग स्पॉट्स बहुत काम आएंगे।

यहां मुस्लिम है देवी मां का पुजारी, मां की अप्रसन्नता पर पानी हो जाता है लाल