बास्केटबाल फेडरेशन ने किया खेल मंत्री विज का सम्मान

www.khaskhabar.com | Published : शनिवार, 01 अप्रैल 2017, 6:03 PM (IST)

अम्बाला। इंडियन रोलर बास्केटबाल फेडरेशन के पदाधिकारियों ने आज खेल मंत्री अनिल विज के आवास पर उनसे मुलाकात की और उन्होंने खेलों के प्रोत्साहन के लिए विज द्वारा किये जा रहे प्रयासों की सराहना की। 28 से 30 अप्रैल तक चंडीगढ़ में प्रतियोगिता करवाई जा रही है, जिसमें 10 प्रदेशों के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।

हरियाणा की नई खेल नीति को भी खेलों के विकास के लिए एक क्रांतिकारी परिवर्तन बताते कहा कि हरियाणा देश का ऐसा पहला राज्य है जहां खिलाडियों को सबसे अधिक इनाम व प्रोत्साहन राशि दी जा रही है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय व पारम्परिक स्तर के खेलों के विकास के लिए खेल मंत्री द्वारा भारत केसरी दंगल और एक करोड रूपये की इनाम की कबड्डी प्रतियोगिता जैसे फैसलों से भी पूरे देश में हरियाणा को विशेष पहचान मिली है।

फैडरेशन के राष्ट्रीय सचिव बलविन्द्र सिंह और हरियाणा रोलर बास्केटबाल के प्रान्तीय सचिव नितिन सैनी ने विज को चंडीगढ में अप्रैल के दौरान होने वाली राष्ट्रीय रोलर बास्केटबाल प्रतियोगिता की विस्तृत जानकारी दी। इस मौके पर अंतरराष्ट्रीय खिलाडी़ और स्वर्ण पदक विजेता सुचिता शर्मा ने खेल मंत्री को गुलदस्ता, स्मृति चिह्न और दोशाला भेंट करके उनका अभिनंदन किया।

फैडरेशन के पदाधिकारियों ने बताया कि चंडीगढ़ में 28 से 30 अप्रैल तक राष्ट्रीय रोलर बास्केटबाल प्रतियोगिता आयोजित की जायेगी। इस प्रतियोगिता में महाराष्ट्र, तमिलनाडू, उडी़सा, आंध्रप्रदेश, राजस्थान, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा और चंडीगढ़ सहित 10 राज्यों की टीमें भाग लेंगी।

अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे