शिमला। हिमाचल प्रदेश में 311 पंजीकृत समितियां डिफाल्टर घोषित की गई हैं। सूबे में कुल 5097 सेवा समितियां पंजीकृत हैं। इनमें 179 समितियां बंद होने के कगार पर हैं। यह जानकारी आयुर्वेद एवं सहकारिता मंत्री कर्ण सिंह ने भाजपा विधायक केएल ठाकुर की ओर से पूछे गए प्रश्न के उत्तर में दी। मंत्री ने बताया कि नालागढ़ में राजपुरा सहकारी समिति के स्पेशल आॅडिट में 2.39 करोड़ के गबन का मामला सामने आया है। यह गबन वर्ष 2004 से 2008 के बीच का है तथा इस मामले की रिकवरी सोसायटी के पूर्व प्रबंधक राजेंद्र कुमार और अतिरिक्त प्रबंधक नसीब सिंह से की जा रही है। उन्होंने कहा कि 2.39 करोड़ की राशि में से 35.39 लाख की रिकवरी दोषी से कर ली गई है। इसके अलावा गड़बड़ी करने वाले की 46 बीघा भूमि जब्त कर शेष रिकवरी भी पूरी कर ली जाएगी। सहकारिता मंत्री कर्ण सिंह ने भाजपा विधायक नरेंद्र ठाकुर की ओर से पूछे गए एक सवाल के जवाब में बताया कि प्रदेश में सहकारी सभाओं के माध्यम से चलाए जा रहे राशन डिपुओं, उचित मूल्यों की दुकानों में कार्य करने वाले सेल्जमैनों को एक समान वेतन देने को लेकर कोई नीति नहीं बनेगी। कर्ण सिंह ने स्पष्ट किया कि सेल्जमैनों को वेतन सरकारी कोष की बजाय सहकारी सभाओं की प्रबन्धक समितियों द्वारा अपनेे स्तर पर अपनी-अपनी सहकारी सभाओं की आर्थिक स्थिति के आधार पर दिया जाता है।
अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे
कर्ण सिंह ने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार ने केवल प्राथमिक कृषि सेवा सहकारी सभाओं के सचिवों, कर्मचारियों और सेल्समैन के लिए माॅडल सेवा नियम व वेतन मान निर्धारित किए थे, जिनका कार्यान्वयन प्रदेश में कार्यरत कृषि सेवा सहकारी सभाओं की प्रबंधक समितियों द्वारा अपनी-अपनी सहकारी सभाओं की वितीय स्थिति के आंकलन के पश्चात स्वेच्छा से किया जाना था। उन्होंने कहा कि 27 अप्रैल, 2001 को तुरंत प्रभाव से इसे लागू करने के आदेश जारी किए गए। कर्ण सिंह ने स्पष्ट किया कि यह सेवा नियम और वेतन मान प्राथमिक कृषि सेवा सहकारी सभाओं के कर्मचारियों के लिए बनाए गए हैं, जबकि अन्य श्रेणी की सहकारी सभाएं व उनके कर्मचारियों के लिए अलग से कोई सेवा नियम व वेतनमान निर्धारित नहीं हैं।