चलती ट्रेन में एक-दूसरे पर तान दी राइफल, मची भगदड़

www.khaskhabar.com | Published : मंगलवार, 28 मार्च 2017, 12:31 PM (IST)

इलाहाबाद। प्रयागघाट से लखनऊ जा रही पीआरएल पैसेंजर में उस वक्त भगदड़ की स्थिति बन गई जब यात्रियों की सुरक्षा में स्कार्ट ड्यूटी कर रहे जीआरपी के दो सिपाही एक दूसरे पर राइफल तान बैठे। चलती ट्रेन में यह नजारा देखकर मुसाफिर जान बचाने के लिए छिपने लगे। कब गोली चल जाये और किसे लग जाये इस डर से कोई सीट के नीचे छिपने लगा तो कोई ऊपर कोने में दुबक गया। दूसरे सिपाहियों के पहुंचने पर किसी तरह हालात संभले और सिपाहियों को यात्रियों के बीच से हटाया गया। ट्रेन रायबरेली पहुंची तो दोनों सिपाहियों ने एक दूसरे के खिलाफ रायबरेली थाने में मुकदमा भी दर्ज करा दिया है।

यात्रियों की गले में अटकी सांस
प्रयागघाट से लखनऊ के लिये पीआरएल पैसेंजर रवाना हुई तो स्कार्ट ड्यूटी में सिपाही अरविंद तिवारी व रुद्र प्रताप दुबे भी ट्रेन में सवार हुये। इन दोनों के अलावा ट्रेन में तीन अन्य सिपाही भी ड्यूटी पर थे। इन्हे रायबरेली में उतर कर वहां से पद्मावत एक्सप्रेस लेकर प्रतापगढ़ आना था। अभी ट्रेन अमेठी के आसपास पहुंची तो सिपाही रुद्र प्रसाद व अरविंद के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी होने लगी। बात बढी तो गाली-गलौज के साथ हाथापाई होने लगी। यात्रियों ने बीच-बचाव का प्रयास किया ही था कि आक्रामक हो चुके सिपाही एक दूसरे पर राइफल तान चुके थे। धड़ाधड़ राइफल लोड हुई तो हड़कंप मच गया। यात्रियों को अपनी जान गले में अटकती नजर आयी और यात्री इधर-उधर छिपने लगे।

अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

जहां जगह मिली छिपे लोग
डरे सहमे यात्री घबराये कि गोली चली तो कहीं उन्हे न लग जाये। कोई सीट के नीचे छिपने लगा तो कोई ऊपर कोने में दुबक गया। लोग सिर छुपाकर दुआ करने लगे कि भगवान उनकी रक्षा करे। तब तक दूसरे सिपाही भी मौके पर पहुंच गये और हालात को संभाल लिया। दोनो को शांत कर उस डिब्बे से हटाया गया ।

भागे भागे पहुंचे अधिकारी
रायबरेली स्टेशन ट्रेन पहुंची तो दोनों सिपाही उतरे और जीआरपी थाने जाकर मारपीट- गाली-गलौज के साथ ही धमकी देने का मुकदमा दर्ज कराया । सिपाहियों के बीच बवाल की खबर फैली तो हड़कंप मच गया। आनन-फानन में जीआरपी एसओ वीके सिंह भी भागकर रायबरेली पहुंचे। फिलहाल दोनो पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है।

ये युवक रोज खा जाता है छिपकली और बिच्छू