मार्च में गर्मी के तेवर: अहमदाबाद में ‘येलो अलर्ट’, दिल्ली-मुंबई में भी बुरा हाल

www.khaskhabar.com | Published : मंगलवार, 28 मार्च 2017, 10:24 AM (IST)

मुंबई। गर्मी ने इस बार मार्च माह में ही तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। गर्मी का अभी से यह आलम है कि गुजरात के अहमदाबाद में भीषण गर्मी के चलते ‘येलो अलर्ट’ जारी कर दिया गया है। वहीं मुंबई में भी पारा अभी से रिकॉर्ड तोडने लगा है।

देश के अन्य हिस्सों में भी गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर रखा है। दिल्ली और आसपास के इलाकों में पिछले 10 दिनों में ही दिन के तापमान में 13 डिग्री का उछाल आया है। मौसम विभाग का कहना है कि इस बार भीषण गर्मी पडेगी। साथ ही अगले दो महीनों में पूरे देश में औसत से अधिक तापमान रहने की संभावना है।

गुजरात में येलो अलर्ट जारी:

गुजरात के अहमदाबाद में भीषण गर्मी को देखते हुए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है। सोमवार को शहर का अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री दर्ज किया गया। तापमान को देखते हुए अहमदाबाद नगर निगम ने ‘येलो अलर्ट’ की घोषणा कर दी है और हीट ऐक्शन प्लान पर काम शुरू कर दिया है।

मुंबई में चढा पारा:

वहीं मुंबई में सोमवार को 38.4 डिग्री तापमान रहा, जबकि आर्द्रता 65 प्रतिशत रही। मुंबई में दिन का तापमान रेकॉर्ड स्तर की ओर बढ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार ईस्टर्नली विंड का असर लगातार बना हुआ है, जिससे ऐसी स्थिति है।

अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि अगले एक-दो दिनों में तापमान सामान्य हो सकता है।

दिल्ली में 36.7 डिग्री रहा तापमान:

दिल्ली में भी गर्मी ने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। दिल्ली में दिन के तापमान में काफी उछाल आया है। दिल्ली का अधिकतम तापमान 36.7 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5 डिग्री अधिक था। 1 मार्च को दिल्ली का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस था। 23 मार्च को 38 तापमान डिग्री सेल्सियस रहा, महज 8 दिनों में दिल्ली-एनसीआर में पारा 8 डिग्री तक चढ गया।

Beas Tragedy : अब तक सबक नहीं सीख पाया Himachal