चौथा टेस्ट : लियोन के आगे लडखडाई टीम इंडिया, 52 रन पीछे

www.khaskhabar.com | Published : रविवार, 26 मार्च 2017, 11:04 AM (IST)

धर्मशाला। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हिमाचल प्रदेश क्रिकेट संघ (एचपीसीए) स्टेडियम में चल रहे चौथे टेस्ट के दूसरे दिन रविवार को भारतीय टीम 248 रन पर छह विकेट गंवा चुकी है। ऑस्ट्रेलिया के स्पिन गेंदबाज नाथन लियोन ने दूसरे सत्र तक दो विकेट पर 153 रन बनाकर मजबूत नजर आ रही भारतीय टीम के तीसरे सत्र में चार विकेट चटकाते हुए मैच को संघर्षपूर्ण बना दिया है।

रिद्धिमान साहा 10 और रवींद्र जडेजा 16 रन बनाकर नाबाद लौटे। भारत अभी भी पहली पारी के आधार पर ऑस्ट्रेलिया से 52 रन पीछे है। भारतीय पारी में मुरली विजय (11) और लोकेश राहुल (60) ने 21 रन ही जोड़े थे कि विजय जोश हाजलेवुड की गेंद पर विकेट के पीछे मैथ्यू वेड के हाथों लपके गए।

इसके बाद राहुल ने चेतेश्वर पुजारा (57) के साथ मिलकर भोजनकाल तक टीम के स्कोर को 64 तक पहुंचाया। राहुल और पुजारा ने दूसरे विकेट के लिए 87 रन जोड़े और टीम का स्कोर 100 के पार पहुंचाया। श्रृंखला में चौथा अर्धशतक लगाने वाले राहुल इसे शतक में नहीं बदल सके और पैट कमिंस की ऊंची उठती गेंद हुक करने के प्रयास में डेविड वार्नर के हाथों लपके गए।



अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

राहुल ने 124 गेंदों की पारी में नौ चौके और एक छक्का लगाया। उनके आउट होने के बाद पुजारा का साथ देने आए रहाणे ने चायकाल तक 45 रन जोडक़र टीम का स्कोर 153 तक पहुंचाया। इस बीच, 55वें ओवर की तीसरी गेंद पर लगाए गए चौके के साथ ही पुजारा ने अपना अर्धशतक पूरा किया। भारतीय टीम के लिए तीसरा सत्र खराब रहा। पुजारा ने टीम के खाते में चार रन ही और जोड़े थे कि 157 के कुल योग पर लॉयन ने उन्हें पीटर हैंड्सकॉम्ब के हाथों कैच आउट कराया।

उन्होंने अपनी पारी में खेली गईं 151 गेंदों पर छह चौके लगाए। वह किसी एक सत्र में सबसे अधिक रन बनाने वाले दूसरे बल्लेबाज बन गए। करुण नायर (5) भी ज्यादा देर नहीं टिक सके और लियोन की गेंद पर वेड के हाथों लपके गए। नायर के बाद आए रविचंद्रन अश्विन (30) ने जरूर संघर्ष किया। उन्होंने रहाणे के साथ 49 रन जोड़े। जमती सी लग रही इस साझेदारी को भी लियोन ने तोड़ा।


ये 9 स्टार फुटबॉलर हैं इन लक्जरी कारों के दीवाने

रहाणे 216 के कुल योग पर पांचवें विकेट के तौर पर पवेलियन लौटे। लियोन ने रहाणे के बाद अश्विन को भी जल्द ही पवेलियन की राह दिखा दी। इसके साथ ही लियोन ने भारत के खिलाफ सबसे अधिक विकेट लेने वाले स्पिन गेंदबाजों की सूची में वेस्टइंडीज के दिग्गज स्पिन गेंदबाज लांस गिब्स के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। लियोन के अलावा आस्ट्रेलिया के लिए हाजलेवुड और कमिंस ने एक-एक विकेट लिया।

इससे पहले, ऑस्ट्रेलिया ने शुक्रवार को कप्तान स्टीव स्मिथ (111) की शतकीय पारी और डेविड वॉर्नर (56), वेड (57) के अर्धशतकों के दम पर अपनी पहली पारी में 300 रन बनाए। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच चार टेस्ट मैचों की श्रृंखला का स्कोर 1-1 से बराबरी पर है और यह मैच दोनों टीमों के लिए निर्णायक है।

(IANS)


ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ विजय इस रिकॉर्ड में आए 7वें स्थान पर, ये हैं टॉप-10