हसनैन ने परिवार के14लोगों को क्यों मारा!

www.khaskhabar.com | Published : शनिवार, 05 मार्च 2016, 4:04 PM (IST)

मुंबई। महाराष्ट्र के ठाणे में अपने ही परिवार के 14 सदस्यों की नृशंस हत्या के आरोपी हसनैन वारेकर बडा खुलासा हुआ है। जांचकर्ताओं की मानें तो हसनैन पर 67 लाख रूपये का कर्ज था, जो उसने अपने संबंधियों से लिया था। कर्ज से परेशान होकर उसने अपने परिवार को मौत के घाट उतारने की साजिश रची और फिर खुद ने भी खुदकुशी कर ली। ठाणे पुलिस के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार, हसनैन ने अलग अलग मौकों पर कारोबार करने के बहाने अपने करीबी रिश्तेदारों से करीब 67 लाख रूपये का कर्ज लिया था। उन्होंने बताया कि हसनैन शेयर के कारोबार से भी जु़डा था और पुलिस यह पता लगा रही है कि क्या उसे शेयर कारोबार में गहरा नुकसान हुआ था।

यह भी खुलासा हुआ है कि हसनैन के शादी से पहले प्रेम संबंध भी थे। पुलिस को यह भी पता चला है कि हसनैन ने वारदात से कुछ माह पहले समीपवर्ती माजावाडा इलाके में किराये पर एक कमरा लिया था लेकिन अभी यह जानकारी नहीं मिली है कि उसने कमरा क्यों किराये पर लिया था। उन्होंने बताया कि फॉरेन्सिक रिपोर्ट का भी इंतजार किया जा रहा है ताकि मामले में कई ब्यौरों की पुष्टि की जा सके। इस सप्ताह के शुरू में उसके मकान की तलाशी के दौरान कुछ दवाएं बरामद हुई थीं जो मनोवैज्ञानिक लक्षणों या बीमारी का संकेत देती थीं। पुलिस का कहना है कि इन दवाओं से हसनैन की नरसंहार से पहले की मानसिकता का पता चल सकता है। संयुक्त पुलिस आयुक्त आशुतोष डुंबरे ने बताया कि फिलहाल पुलिस किसी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंची है। मामले की छानबीन जारी है।