गुरूग्राम। नगर निगम की इनफोर्समैंट टीम ने आज जोन-2 क्षेत्र में सडक़ एवं फुटपाथ मुक्त अभियान के तहत कार्रवाई की तथा अतिक्रमण करने वालों को खदेड़ा।
जूनियर इंजीनियर अरूणदीप भारद्वाज के नेतृत्व में जोन-2 की इनफोर्समैंट टीम ने बस स्टैंड, महरोली रोड़, शीतला माता रोड़ एवं आसपास के क्षेत्र में सडक़ों एवं फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त करवाने के लिए कार्रवाई की तथा रेहड़ी-पटरी, गन्ना जूस विक्रेताओं सहित विभिन्न दुकानों के बाहर लगे सामान को हटाया। टीम ने दुबारा अतिक्रमण नहीं करने बारे संबंधित व्यक्तियों को चेतावनी भी दी। ज्ञात हो कि नगर निगम आयुक्त वी. उमाशंकर के निर्देश पर डीटीपी संजीव मान के नेतृत्व में चार इनफोर्समैंट टीमों का गठन किया गया है, जो लगातार सडक़ों एवं फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए कार्रवाई कर रही हैं।
टीमों द्वारा प्रतिदिन अलग-अलग क्षेत्रों में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। अतिक्रमण करने वालों को दुबारा से अतिक्रमण पाए जाने पर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई करने बारे भी चेतावनी दी जाती है। निगमायुक्त के अनुसार अतिक्रमण के कारण तंग हुई सडक़ों पर यातायात जाम की समस्या पैदा होती है, जिससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। नगर निगम विशेष रूप से शहर की मुख्य सडक़ों को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए कार्य कर रहा है। इसके तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है।