लुधियाना। पुलिस कमिश्नर द्वारा चालान न काटने के निर्देशों का उल्लंघन करने पर ट्रैफिक पुलिस के एएसआई कुलविंदर सिंह, एएसआई दविंदर सिंह व हेड कांस्टेबल नीलकंठ को जबरन रिटायर कर दिया गया। बुधवार को ट्रैफिक पुलिस के सभी मुलाजिमों को पुलिस लाइन में बुलाया गया और उन्हें ड्यूटी न करने के निर्देश गए। जब एडीसीपी ट्रैफिक ध्रुव दहिया से बात की गई तो उन्होंने कोई भी जवाब देने से इन्कार कर दिया। पुलिस कमिश्नर कुंवर विजय प्रताप सिंह ने कहा कि दुर्व्यवहार व निर्देशों के उल्लंघन पर तीनों को समय से पहले रिटायर किया गया है। दूसरी तरफ तीनों मुलाजिमों ने आरोप लगाया कि शिकायतकर्ता एक उच्चाधिकारी की करीबी है, इसलिए उनके खिलाफ ऐसी कार्रवाई की गई है।
जानकारी के मुताबिक मंगलवार को ट्रैफिक पुलिस के एएसआई कुलविंदर सिंह ने खालसा कॉलेज के बाहर नाकाबंदी कर रखी थी। इसी दौरान एक्टिवा सवार एक युवती को पुलिस ने रोक लिया। क्योंकि उसने हेलमेट नहीं पहन रखा था। पुलिस ने उसका तीन सौ रुपये का चालान कर दिया। उसके पास पैसे नहीं थे। उसने अपने परिजनों को घर से बुलाया और पैसे दिए। उसका आरोप था कि पुलिस मुलाजिम ने दुर्व्यवहार किया। उक्त युवती व उसके डॉक्टर पिता ने पुलिस कमिश्नर को शिकायत की।
इसके बाद पुलिस कमिश्नर ने सारे ट्रैफिक पुलिस मुलाजिमों को रात करीब दस बजे दफ्तर में बुला लिया और एएसआई कुलविंदर सिंह, एएसआई दविंदर सिंह व हेडकांस्टेबल नीलकंठ से बात की। रात करीब एक बजे सभी मुलाजिमों को वहां से भेज दिया। बुधवार सुबह नौ बजे फिर सभी ट्रैफिक मुलाजिमों को पुलिस लाइन में बुला लिया गया। मुलाजिमों ने बताया कि जब एडीसीपी ट्रैफिक से पूछा कि वे ड्यूटी पर जाएं तो उन्होंने कहा कि आज कोई भी ड्यूटी नहीं करेगा। इसके बाद दोपहर दो बजे तीन मुलाजिमों को सेवानिवृत्त करने के ऑर्डर दिए गए और सभी को घर भेज दिया गया। विभागीय सूत्रों के मुताबिक तीनों पुलिस मुलाजिमों के बैंक खाते में तीन महीने का एंडवास वेतन और अन्य फंड भी डाल दिए गए हैं।
तीनों मुलाजिमों ने लगाए आरोप
तीनों पुलिस कर्मियों ने कहा एडीसीपी ट्रैफिक के आदेश पर ही उन्होंने नाकाबंदी की थी। इसी दौरान एक युवती का हेलमेट न होने पर चालान कर दिया। तीनों ने कहा कि मंगलवार को खाली उन्होंने ही चालान नहीं किए थे बल्कि सभी पुलिस मुलाजिमों ने चालान किए थे। मंगलवार को 160 चालान कोर्ट के और 40 चालान दूसरे किए गए थे, सिर्फ उन्हें ही निकाला गया। एएसआई दविंदर ने बताया कि उनकी ड्यूटी आत्म पार्क चौक में थी। उन्हें नहीं बताया गया था कि चालान नहीं काटे जाएंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि जिस युवती का चालान एएसआई कुलविंदर ने काटा वह उच्चाधिकारियों की करीबी थी जिसकी वजह से उन पर गाज गिरी है। दूसरी ओर
इस मामले में पुलिस कमिश्रनर कुंवर विजयप्रताप सिंह का कहना है कि उक्त
तीनों मुलाजिमों ने दुर्व्यवहार किया था। इसी वजह से तीनों को सेवानिवृत्त
कर दिया गया है। उनके सारे फंड उन्हें दे दिए गए हैं। निर्देशों का
उल्लंघन बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
ये थे पुलिस कमिश्नर के निर्देश
पुलिस कमिश्नर कुंवर विजय प्रताप सिंह ने रविवार को आदेश किए थे कि आने वाले एक महीने तक ट्रैफिक पुलिस का कोई मुलाजिम चालान नहीं काटेगा और न ही राग पार्किंग में खड़े होने वाले वाहनों को टो किया जाएगा। लोग खुद ट्रैफिक नियमों को फॉलो करेंगे जिस पर वे निगरानी रखेंगे।