स्कूल प्रबंधक की कारस्तानी से 50 छात्राएं नहीं दे सकीं परीक्षा

www.khaskhabar.com | Published : मंगलवार, 21 मार्च 2017, 11:35 PM (IST)

कानपुर। साल भर फर्जी प्रवेश लेकर एक स्कूल प्रबंधक फीस लेता रहा और जब परीक्षा की बारी आई तो फर्जी प्रवेश पत्र थमा दिया। परीक्षा केन्द्र पर परीक्षा देने पहुंची इन सभी छात्राओं को वहां के प्राचार्य ने बैरंग लौटा दिया। जिसके बाद हताश छात्राएं जिला प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई।

नौबस्ता थाना क्षेत्र में हमीरपुर रोड स्थित प्रेम बालिका इंटर कॉलेज है। जहां पर स्कूल जी.एस. भदौरिया पर आरोप लगा है कि साल भर करीब 50 छात्राओं का फर्जी प्रवेश कर फीस वसूलता रहा। यही नहीं बोर्ड परीक्षा फार्म भरने के लिए भी प्रति छात्रा से हजारों रूपए वसूले। जब यूपी बोर्ड की 12वीं की परीक्षा आई तो वहां भी सच बताने के बजाय एक बार फिर फर्जी प्रवेश पत्र का सहारा लिया। लेकिन परीक्षा देने गई इन छात्राओं को परीक्षा केन्द्र मूलगंज स्थित फैज-ए-आम सिद्दीकी कॉलेज के प्राचार्य ने परीक्षा कराने से मना कर दिया।

प्राचार्य ने बताया कि इन छात्राओं के प्रवेश पत्र से हमारे यहां मिलान नहीं कर रहा है। जब छात्राओं ने अपने स्कूल के प्रबंधक ने पूछना चाहा तो सही जवाब नहीं दिया। जिसके चलते छात्राओं ने एडीएम सिटी के.पी. सिंह से न्याय की गुहार लगाई। सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है और जिला विद्यालय निरीक्षक से पूरे मामले में जांच रिपोर्ट मांगी गई है। दोषी पाये जाने पर प्रबंधक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। तो वहीं मामला बढ़ता देख प्रबंधक स्कूल में ताला लगा फरार हो गया।

दूसरी जगह से भरे गये थे फार्म

छात्रा शोभा गुप्ता, प्रियंका साहू, आकांक्षी सिंह आदि ने बताया कि स्कूल प्रबंधक प्रेम बालिका इंटर कालेज पिछले 10 वर्षों से चला रहा है। हाईस्कूल हम लोग यहीं से पढ़ाई की, जिसके बाद ग्यारहवीं व बारहवीं भी यहां पढ़े। लेकिन इण्टरमीडियट की मान्यता न होने के चलते प्रबंधक ने ईश्वरानंद कॉलेज से फार्म भरवाया और प्रति छात्र पांच-पांच हजार रूपये लिया। अब परीक्षा न दे पाने से प्रबंधक ने हमारा भविष्य खराब कर दिया है।

ईश्वरानंद जाने को बोला प्रबंधक


छात्रा निशा सिंह ने बताया कि जब हमें परीक्षा में बैठने से रोका गया तो हम सभी प्रबंधक के पास गए। प्रबंधक ने ईश्वरानंद इंटर कॉलेज जाने को कहा। इसके बाद हम ईश्वरानंद कॉलेज गए और प्रधानचार्य से मिले। लेकिन उन्होंने हम लोगों से बात करने से इंकार कर दिया। इसके बाद हम प्रबंधक से मिले, जहां उन्होंने बताया कि आप लोगों के फार्म नहीं भर पाए हैं। नये शत्र में आप अब एडमीशन कराएं, कहकर भगा दिया।

अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे