जोधपुर। स्वच्छ भारत अभियान की सफलता और पर्यावरण की सुरक्षा के मुद्दे पर विश्नोई समाज ने दिल्ली के जंतर मंतर पर सामूहिक चर्चा की। जोधपुर और अन्य गांवों-शहरों से दिल्ली पहुंचे लोगों ने रामलीला मैदान से जंतर मंतर तक पर्यावरण जागरूकता रैली भी निकाली। अखिल भारतीय जीव रक्षा विश्नोई सभा के सेवकों ने इस रैली में पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। अखिल भारतीय जीव रक्षा विश्नोई सभा के सचिव रामनिवास हाणीया के अनुसार देश में पर्यावरण और जीव रक्षा के लिए सभा लोगों को प्रेरित करना चाहती है और इसी उद्देश्य के साथ राजधानी दिल्ली में समाज के लोगों ने गोष्ठी का आयोजन किया। जन चेतना रैली में महिलाओं ने भी बढ़चढक़र हिस्सा लिया।