नूंह में सभी सुविधाओं से लैस होगा 11 मंजिला ट्रांजिट हॉस्टल

www.khaskhabar.com | Published : गुरुवार, 16 मार्च 2017, 8:36 PM (IST)

नूंह । जिला मुख्यालय में नौकरी करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को आवास की समस्या से दो चार नहीं होना पड़ेगा। ओल्ड तहसील प्रांगण नूंह में करीब 11 करोड़ 3 लाख रुपये लागत से पांच मंजिला ईमारत पर मई माह में काम शुरू होने जा रहा है। सभी सुविधाओं से लैस ट्रांजिट हॉस्टल में पार्किग की पुख्ता व्यवस्था होगी। इस ट्रांजिट हॉस्टल में करीब 32 फ्लैट बनाये जाएंगे। लोक निर्माण मंत्री राव नरबीर सिंह ने इसके लिए राशि मंजूर कर दी है। ओल्ड तहसील परिसर में जल्द ही तोड़फोड़ का काम शुरू होगा। लोक निर्माण विभाग टेंडर की प्रक्रिया में जुटा हुआ है।
आपको बता दें कि मेवात वर्ष 2005 में राज्य का 20 वां जिला बना था। करीब 12 साल पुराने हो चुके इस जिले में अधिकारी और कर्मचारियों को आवास की कमी खलती रही। रहन -सहन की अच्छी व्यवस्था नहीं होने का बहाना बनाकर अधिकारी और कर्मचारी सफेदपोश राजनेताओं की गोटी फिट कराकर अपना तबादला करा लेते थे। जिले में अधिकारियों - कर्मचारियों की कमी का मामला किसी से छुपा नहीं है। स्टाफ की कमी के चलते इस जिले का इतनी तेज गति से विकास नहीं हुआ। जितना होना चाहिए था। हुडा सेक्टर विकसित होने का मामला भी कई साल से लंबित पड़ा हुआ था। हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी की हालत बद से बदतर है। कर्मचारी अकसर आवास का रोना रोया करते थे , तो अधिकारियों और जजों तक को भी नूंह में रात गुजारने से पहले कई बार सोचना पड़ता था। मनोहर लाल खट्टर सरकार ने इस मामले में गंभीरता दिखाते हुए राशि मंजूर कर दी है। नूंह शहर में यह पहली पांच मंजिला ईमारत होगी , जो शहर की सुंदरता को भी निखारने का काम करेगी।

तावडू शहर व आसपास के दर्जनों गांवों के लोगों के लिए अच्छी खबर है। तावडू शहर में सीएचसी भवन पर काम मई माह तक शुरू हो जायेगा। सरकार ने पुरानी पीएचसी को अपग्रेड कर नई सीएचसी बिल्डिंग बनाने को मंजूरी दे दी है। इसके निर्माण पर तक़रीबन 7 करोड़ 18 लाख रुपये की राशि खर्च होगी। लोक निर्माण विभाग मंत्री राव नरबीर सिंह और मेवात के लोगों का नाता कई पीढ़ियों से है। उसी को निभाते हुए उन्होंने विकास की गति को अपने महकमे से तेज करने की दिशा में तेजी से कदम बढ़ा दिए हैं।

अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे