उदयपुर में बनेगा 46 लाख का गर्ल्स हॉस्टल

www.khaskhabar.com | Published : बुधवार, 15 मार्च 2017, 11:49 PM (IST)

उदयपुर। राजस्थान बाल कल्याण समिति को वंचित बालिकाओं के लिए गर्ल्स हॉस्टल बनाने के लिए जापान सरकार ने 8 मिलियन येन यानी करीब 46.7 लाख रुपए दिए हैं। हाल ही नई दिल्ली स्थित जापानी दूतावास में जापान के दूत केंजी हीरामासू और संस्था के प्रतिनिधि के बीच यह करार हुआ है। उदयपुर में संस्था की नीतू सिंह ने बताया कि हॉस्टल करीब 100 बच्चियों की क्षमता का होगा।

करार के मुताबिक फरवरी 2018 तक भवन का निर्माण करना है। जल्द ही इसका निर्माण शुरू कर दिया जाएगा। समिति उदयपुर में समाज सेवा के क्षेत्र में जुटने के साथ ही झाड़ोल में एक अनाथ आश्रम भी चलाती है। नई दिल्ली में पिछले सप्ताह हुए करार के दौरान जापानी एम्बेसडर ने कहा कि इससे समाज की वंचित बच्चियों की हालत सुधरने के साथ ही दोनों देशों के बीच सहयोग और मैत्री के संबंध और अधिक मजबूत होंगे। जापान विकासशील देशों में मानवीय कार्यों के लिए वित्तीय सहयोग प्रदान करता आया है। वह अन्य प्रोजेक्ट को भी सहयोग देता रहेगा।

[ अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे]