मुंबई। शिवसेना ने उत्तर प्रदेश में भाजपा की शानदार जीत पर शनिवार को बधाई
दी और आशा जताई कि अब अयोध्या में राम मंदिर जल्द बनेगा।
शिवसेना सांसद संजय राउत ने यहां संवाददाताओं से कहा,राम का वनवास खत्म हो
गया है। हम अब आशा करते हैं कि अयोध्या में राम मंदिर जल्द बनेगा।
हाल में
यहां स्थानीय निकाय चुनाव अलग-अलग लडी दोनों सहयोगी पार्टियों के बीच संबंध
तनावपूर्ण रहे हैं और शिवसेना ने विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान अक्सर ही
भाजपा और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को आडे हाथ लिया था।
उन्होंने कहा,पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव के नतीजे आ चुके हैं। हम
भाजपा की जीत का स्वागत करते हैं। हम इस जीत पर प्रधानमंत्री को भी बधाई
देते हैं। पंजाब में कांग्रेस की जीत का जिक्र करते हुए राउत ने कहा कि
मौजूदा सरकार का जहां कहीं विश्वसनीय विकल्प मिला, वहां लोगों ने बदलाव के
लिए वोट डाला।
[ अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे]
सपा और इसकी सहयोगी पार्टी कांग्रेस की ओर इशारा करते हुए राउत ने कहा कि जो चुनाव हार गए हैं वे अब शिवसेना के महत्व को और उस तरीके को महसूस करेंगे जिससे इसने मुंबई में मोदी लहर को घुसने से रोक दिया। राउत ने कहा,हालांकि इन चुनावों का महाराष्ट्र पर असर नहीं होगा। हम हफ्ते भर बाद राज्य की राजनीति के बारे में बात करेंगे जब ज्यादातर लहर शांत पड जाएगी और नयी सरकार बन जाएगी।