परिवारवादी, जातिवादी और कुनबापरस्त की राजनीति पर कड़ा प्रहार- कैप्टन अभिमन्यु

www.khaskhabar.com | Published : शनिवार, 11 मार्च 2017, 5:55 PM (IST)

चंडीगढ़। हरियाणा के वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड में भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड बहुमत के साथ हुई जीत साबित करती है कि भारत के लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सुशासन, कल्याणकारी नीतियों और विकास कार्यों में श्रद्धा रखते हैं। अभिमन्यु ने आज यहां अपने आवास पर एक प्रेस सम्मेलन को संबोधित करते हुए यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि उन्होंने कहा कि लोगों ने परिवारवादी, जातिवादी और कुनबापरस्त की राजनीति पर कड़ा प्रहार करते हुए भाजपा को प्रचंड बहुमत दिया है। उन्होंने बताया कि पंजाब में अकाली दल और भारतीय जनता पार्टी की 10 साल के कार्यकाल रहा है और इस संबंध में जिस प्रकार के ओपीनियन पोल दिखाये जा रहे थे उनको भी धत्ता बताते हुए अपेक्षा से बेहतर परिणाम मिले हैं। पंजाब की जनता ने कांग्रेस के पक्ष में जो जनादेश दिया है। स्वाभाविक है कि प्रदेश के कार्यकर्ता से लेकर सरकार तक की प्रदेश में हुए विकास कार्यों और सरकार की बेहतर नीतियों को जनता तक पहुंचाने में कुछ कमी रही। इसके अतिरिक्त कांग्रेस पार्टी के लोग लोक-लुभावने नारे लगाकर व जनता को भ्रमित करने वाला प्रचार करके जनता को अपने पक्ष में करने में सफल रहे। उन्होंने कहा कि हार हो या जीत निश्चित तौर पर इन सबका श्रेय और हिस्सा सामुहिक होता है। इस जीत में श्री नरेंद्र भाई मोदी जी का नेतृत्व, नीतियां, भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा, भारत सरकार का 3 वर्ष का कार्यकाल, भाजपा का कार्यकत्र्ता और उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड की जनता का आर्शिवाद शामिल है।
चुनावों में यशपाल मलिक के भाजपा विरोध के संबंध में पूछे गए एक प्रश्न के जवाब में अभिमन्यु ने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता ने भाजपा को प्रचंड बहुमत देकर उन ताकतों को यह जवाब देने का काम किया है, जो समाज को बांटकर, टुकड़े-टुकड़े कर राजनीति करते थे। यह एक प्रकार से ऐसी ताकतों ने हरियाणा प्रदेश में कांग्रेस की शह पर, कांंग्रेस के लोगों के साथ मिलकर और उत्तर प्रदेश में कांग्रेस के एजेंडे पर चल कर सपा व कांग्रेस को पूरा जोर लगाकर सहयोग करने का काम किया था। इसके साथ ही उन्होंने लोगों से अपील करके भी भाजपा को हराने की पूरी कोशिश की लेकिन उत्तर प्रदेश की जनता ने ऐसी ताकतों को करारा जवाब देने का काम किया है।
मुझे विश्वास है हरियाणा के लोग ऐसे लोगों की सच्चाई को समझेंगे और भाजपा के सुशासन और विकास कार्यों का समर्थन करते हुए सर्व समाज के हित में एक नए हरियाणा का निमार्ण करने का कार्य हमारी सरकार करेगी।

[ अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे]