राजनीतिक सरगर्मी के बीच मौसम ने भी बदला मिजाज

www.khaskhabar.com | Published : शनिवार, 11 मार्च 2017, 10:15 AM (IST)

अभिषेक मिश्रा, लखनऊ। प्रदेश में राजनीतिक सरगर्मी के बीच बीती रात यहां का मौसम बदल गया और कई स्थानों पर झमाझम तो कहीं बूंदाबांदी हुई। प्रदेश में सबसे अधिक करीब 9 मिलीमीटर पानी बहराइच में गिरा, जिससे यहां दिन के तापमान में 13 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आयी। मौसम विभाग के निदेशक जेपी गुप्ता ने बताया कि मौसम का यह मिजाज जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी और राजस्थान के पास कम दबाव के क्षेत्र की वजह से हुआ है। श्री गुप्ता ने बताया कि शनिवार को राजधानी सहित प्रदेश के अधिकतर जिलों में बदली रहेगी और बारिश के आसार हैं।

इस दौरान राजधानी में दिन का तापमान 24 और रात का तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है। राजधानी में तड़के तेज हवाएं चली और गरज-चमक के साथ तेज बारिश की शुरूआत हुई। यहां दिन भर कभी बदली, कभी धूप और कभी बूंदाबांदी होती रही। यहां बीती रात न्यूनतम तापमान 15.3 सेल्सियस रिकार्ड हुआ, जो सामान्य से 2 डिग्री सेल्सियस ऊपर था। राजधानी में दिन का तापमान 20.3 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ जो सामान्य से 11 डिग्री सेल्सियस ऊपर था।शुक्रवार को प्रदेश में सबसे अधिक 8.6 मिलीमीटर बारिश बहराइच में रिकार्ड हुई। इससे यहां अधिकतम पारा 18 डिग्री सेल्सियस पर चला गया, जो सामान्य से 13 डिग्री सेल्सियस नीचे था। जबकि बहराइच में बीती रात न्यूनतम पारा सामान्य रहा।प्रदेश के हरदोई जिले में 5.6 मिलीमीटर व खीरी में 4 मिलीमीटर बारिश हुई। इससे दोनों जिलों में दिन के तापमान में 12-12 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आयी। इसके अलावा इटावा, गोरखपुर, रायबरेली, बरेली, झांसी, कानपुर देहात, उरई, हमीरपुर, आगरा और अलीगढ सहित प्रदेश के अन्य जिलों में भी दोपहर को कहीं तेज और कहीं बूदाबांदी हुई।

इससे कानपुर में दिन के तापमान में 11, शाहजहांपुर व उरई में 10, आगरा में 9, सुलतानपुर व झांसी में 8, बरेली, बांदा और अलीगढ में 6 और मेरठ में 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट रही।प्रदेश में बीती रात तापमान में काफी उछाल दर्ज हुई। सबसे अधिक 17 डिग्री सेल्सियस तापमान वाराणसी में दर्ज हुआ, जो सामान्य से 2 डिग्री सेल्सियस ऊपर था।

[ अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे]

इलाहाबाद में रात तापमान 16.5, सुलतानपुर में 16.4 और झांसी में 16.1 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ।बीती रात प्रदेश में नजीबाबाद सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम पारा 9 डिग्री सेल्सियस तक आ गया, जो सामान्य से 3 डिग्री सेल्सियस ऊपर था। इसके अलावा खीरी में रात के तापमान में 2 दर्ज हुआ और बरेली और हरदोई में रात का तापमान सामान्य रहा।

[ चमत्कार! मंदिर में सांप, पुजारी और बदमाश...]