वसुंधरा सरकार का वर्ष 2017-18 का बजट भाजपा का दूसरा घोषणा पत्र - पायलट

www.khaskhabar.com | Published : बुधवार, 08 मार्च 2017, 6:01 PM (IST)

जयपुर । राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सचिन पायलट ने बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए इसे भाजपा सरकार के तीन वर्षों के कुशासन से उबरने के लिए किया गया असफल दिशाहीन प्रयास बताया है। पायलट ने कहा कि राज्य सरकार का वर्ष 2017-18 का बजट भाजपा का दूसरा घोषणा पत्र है। उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्य है कि सरकार के इस बजट में जो घोषणाएं की गई है, उनके दिशाहीन होने के कारण उन सभी योजनाओं का वित्तीय भार आगामी समय में बनने वाली सरकार पर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि गत् 8 नवम्बर को हुई नोटबंदी का पूरा प्रभाव बजट में देखने को मिला है। भाजपा सरकार के वित्तीय कुप्रबंधन के कारण राजकोषीय घाटा बढ़ा है जिससे उबरने के लिए सरकार ने बजट में कोई नीति स्पष्ट नहीं की है। पायलट ने कहा कि एक बार फिर सरकार ने युवाओं को भ्रमित करने के लिए बीते तीन साल में 11 लाख रोजगार सृजित किये जाने का दावा करते हुए वर्तमान बजट में डेढ लाख नौकरियां देने की बात की है। जबकि सच्चाई यह है कि सरकार पिछले तीन बजट में किये गये रोजगार के वादों का 10 प्रतिशत भी पूरा नहीं कर पायी।

[ अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे]