बारां। जिला कलक्टर डॉ एस पी सिंह ने ग्रामवासियों को दोहरे राशन कार्ड बनाने से बचने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि यदि कोई भी नया राशन कार्ड बनवाएं तो पहले वे पुराने राशन कार्ड से अपना नाम हटवा लें। जिससे राशन सामग्री वितरण में समस्या नहीं हो। डॉ. सिंह मंगलवार को ग्राम भ्रमण कार्यक्रम के तहत ग्राम पंचायत कोटड़ी सुण्डा के अटल सेवा केन्द्र में आयोजित जनसुनवाई में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि कई लोगों की ओर से पिता के राशन कार्ड से नाम हटवाए बिना नया राशन कार्ड बनवाए जाने की शिकायत सामने आई थी। जिसके चलते कम्प्यूटर दोनांे ही राशन कार्डों को गलत दर्शाते हुए खाद्यान्न सामग्री के वितरण पर रोक का संकेत दे देता है। ऐसे में नियमों का पालन करते हुए नया कार्ड बनवाने से पहले पुराने कार्ड से नाम हटवाने की अपील की। इस मौके पर कलक्टर डॉ सिंह ने पालनहार, पेंशन, राशन कार्ड, सीमाज्ञान, नाली निर्माण और फसल खराबे के मुआवजे वितरण आदि से संबंधित विभिन्न समस्याओं को सुना और उनके निस्तारण हेतु संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए। साथ ही बीएलओ, एएनएम, आशासहयोगिनी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को समन्वय से कार्य करते हुए ग्राम पंचायत में 18 वर्ष व इससे अधिक आयु के युवाओं का मतदाता सूची में पंजीकृत करने के निर्देश भी दिए।
[ अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे]