श्रीगंगानगर। राजस्थान के ब्राण्ड एम्बेसडर और नगर परिषद डूंगरपुर के सभापति के के गुप्ता की अध्यक्षता में एक कदम स्वच्छता की ओर और स्वच्छ भारत मिशन योजना के तहत जिला परिषद सभागार में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिसमें गुप्ता ने स्वच्छ भारत मिशन योजना के तहत किस प्रकार से शहरों और गांवों को साफ-सुथरा रखा जा सकता है के बारे में विस्तार से बताया। उन्होने कहा कि इच्छा शक्ति अगर मजबूत हो, तो हर काम में सफलता प्राप्त की जा सकती है। पर इसके लिए धरातल पर पूर्ण निष्ठा और ऊर्जा के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने नगर परिषद आयुक्त को निर्देशित किया कि शहर को स्वच्छ बनाने के लिए टेम्पो या रिक्शे से घर घर कचरा इकठ्ठा करने का काम किया जा सकता है। मीडिया के सहयोग से ही शहर को स्वच्छ व हराभरा बनाया जा सकता है। स्वच्छ भारत मिशन पर नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों को आयोजित कार्यशाला में प्रजेन्टेशन के माध्यम से डूंगरपुर नगर परिषद् की स्वच्छ भारत मिशन में सफलता के लिए किए गए कार्यो पर प्रकाश डाला और बताया कि जनजाति क्षेत्रों का नगरपरिषद डूंगरपुर जब स्वच्छता व ओडीएफ में प्रदेश में नए आयाम छू सकती है, तो प्रदेश की कोई भी निगम, परिषद और नगरपालिका ये आयाम प्राप्त कर सकती है। कार्यशाला में स्वच्छ भारत ब्राण्ड एम्बेसडर गुप्ता ने डूंगरपुर नगर परिषद में स्वच्छता अभियान के तहत घर-घर कचरा संग्रहण, प्लास्टिक थैलियों से मुक्त शहर, गौ-सरंक्षण, खुले में शौच से मुक्त शहर बनाने के लिए विद्यालयों के 22 हजार से अधिक बच्चों को स्वच्छता की शपथ दिलाने, शहर में एलईडी लाईट की रोशनी सुनिश्चितता, स्ट्रीट लाईट बंद होने की दिशा में संबंधित शिकायतकर्ता को प्रतिदिन 25 रुपये का इनाम देने, जल मंदिरों का निर्माण और आरओ प्लान्ट के जरिए 5 रूपये में 20 लीटर शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने, योगशालाओं का संचालन, बाग-बगीचों, झीलों व ऐतिहासिक विरासतों का सौन्दर्यकरण व संरक्षण तथा ‘नेकी की दीवार‘ जैसे नवाचारों के बारें में खुलकर बताया। कार्यशाला में नगर परिषद आयुक्त सुनीता चैधरी, नगर परिषद सभापति अजय चांडक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और पार्षदगण उपस्थित रहे।
[ यह है अनोखा कोर्ट, यहां नहीं मिलती तारीख पे तारीख]
[ अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे]