राम जानकी मंदिर से करोड़ों की अष्टधातु की तीन प्रतिमाएं चोरी

www.khaskhabar.com | Published : गुरुवार, 23 फ़रवरी 2017, 4:37 PM (IST)

गोंडा। देवी पाटन मण्डल के बहराइच जिले में चोरों ने बीती रात बेहड़ा गांव स्थित राम जानकी मंदिर से अष्टधातु की राम, जानकी व लक्ष्मण की बेशकीमती प्रतिमाओं को चुरा लिया। गुरुवार सुबह पुजारी के पहुंचने पर चोरी की जानकारी हुई। मंदिर के सर्वराकार की सूचना पर पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है।

पुलिससूत्रों के अनुसार, खैरीघाट थाने के बेहड़ा गांव के बीच में देवी गुलाम अवस्थी पुत्र राम सेवक के आवास परिसर में लगभग 50 वर्ष पूर्व राम जानकी मंदिर का निर्माण कराया गया था। मंदिर में राम, जानकी व लक्ष्मण की अष्टधातु की तीन प्रतिमां स्थापित करायी गई थीं। लगभग 11 वर्ष पूर्व देवी गुलाम के निधन के बाद से गांव के ही 60 वर्षीय विनोद कुमार शुक्ल पूजा अर्चना करते हैं। उनका मकान मंदिर से लगभग दो सौ मीटर दूर है। वह रात में मंदिर में ही रहते थे।

बुधवार की रात उनके घर पर कोई नहीं होने की वजह से वह मंदिर पर नहीं थे। चोरों ने देर रात मंदिर के कपाट तोड़ कर तीनों प्रतिमाओं को गायब कर दिया। सुबह साढ़े छह बजे पुजारी विनोद पूजा-अर्चना को पहुंचे तो देखा कि कपाट टूटे हैं। मंदिर के सिंहासन से तीनों प्रतिमां गायब हैं। मंदिर सर्वराकार राजेश अवस्थी द्वारा तहरीर थाने में दिए जाने पर यूपी डायल 100 व पुलिस मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष अवधेश राय ने घटनाकी पुष्टि करते हुए बताया कि तहकीकात की जा रही है।

[# चमत्कार! मंदिर में सांप, पुजारी और बदमाश...]

[# अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे]