यूपी चुनाव: भाजपा छोड़ राजेन्द्र गुप्ता ने थामा सपा का दामन

www.khaskhabar.com | Published : शुक्रवार, 17 फ़रवरी 2017, 11:49 AM (IST)

झांसी। बुंदेलखंड की बबीना सीट पर भारतीय जनता पार्टी को चुनाव के ठीक पहले एक और झटका लगा है। व्यापारी नेता और लंबे समय से भाजपा से जुड़े रहे राजेन्द्र गुप्ता ने भाजपा छोड़कर सपा का दामन थाम लिया है। गुप्ता ने आरोप लगाया कि बबीना विधान सभा सीट पर भाजपा ने राजीव सिंह पारीछा को केंद्रीय मंत्री उमा भारती की सिफारिश पर टिकट दिया है। आरोप यह भी है कि उमा भारती झांसी में जिस मकान में रहती हैं, वह राजीव ने उन्हें गिफ्ट किया है।
समाजवादी पार्टी के बबीना प्रत्याशी यशपाल यादव के चुनाव कार्यालय पर राज्यसभा सांसद डॉ चन्द्रपाल यादव और लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राकेश पाल की मौजूदगी में राजेन्द्र गुप्ता ने पार्टी की सदस्यता ली। राजेन्द्र गुप्ता पार्टी में जिला महामंत्री और ललितपुर जनपद के प्रभारी के पदों पर लंबे समय तक रह चुके हैं। गुप्ता ने कहा कि वे 35 सालों से भाजपा से जुड़े हुए थे। साल 2012 के विधानसभा चुनाव में पार्टी ने ऐसे नेता को टिकट दिया था जो भगवा झंडे को पैरों से कुचलने का आरोपी रहा है। गुप्ता ने आरोप लगाया कि इस बार केंद्रीय मंत्री उमा भारती ने राजीव सिंह पारीछा को इसलिये टिकट दिलाया क्योकि राजीव ने उन्हें रहने के लिए झांसी में घर गिफ्ट किया है।

बबीना विधान सभा सीट पर भाजपा को चुनाव से ठीक पहले यह तीसरा झटका लगा है। इससे पहले चंद्रप्रकाश मिश्रा ने भी टिकट वितरण में धांधली का आरोप लगाते हुए पार्टी छोड़ दी थी और सपा में शामिल हो गए थे।

[# यहां डॉक्टर नहीं, भूत-प्रेत करते है इलाज]

[# अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे]


पिछले दिनों पूर्व ब्लॉक प्रमुख रोहित रतन ने भी भाजपा का दामन छोड़कर सपा का दामन थाम लिया था।

बबीना सीट पर फिलहाल भाजपा की अंदरूनी कलह और बगावत खुलकर सामने आती दिख रही है।

[# इस सीट से खुलता है उत्तर प्रदेश की सत्ता का द्वार!]