वीरभद्र नेशनल हाईवे के मामले में श्वेत पत्र जारी करें : धूमल

www.khaskhabar.com | Published : बुधवार, 15 फ़रवरी 2017, 4:58 PM (IST)

बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता तथा पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल ने वीरभद्र सिंह को चुनौती दी है कि अगर उन्होंने हिमाचल के 61 नेशनल हाईवे की स्वीकृति करवाई है तो इसका श्वेत पत्र जारी करें और जनता को बताएं कि कितने हाईवे की उन्होंने डीपीआर बनाई है। धूमल बिलासपुर में पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने वर्तमान सरकार के दो मंत्रियों विद्या स्टोक्स और कौल सिंह को सलाह दी कि वे बिना तथ्यों को जाने बयान न दिया करें। उन्होंने कहा कि प्रदेश का बच्चा-बच्चा जानता है कि यह 61 नेशनल हाईवे केंद्रीय भूतल परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने हिमाचल के सांसदों और विधायकों के साथ मंत्रणा करने के बाद अपनी उन रैलियों में घोषित किए थे जो दो साल पूरे होने पर हिमाचल में की गई थीं।
उन्होंने कहा कि सच्चाई तो यह है कि केंद्र सरकार द्वारा इन नेशनल हाईवे की डीपीआर बनाने के लिए अलग से 261 करोड़ रुपयों की राशि उपलब्ध करवाने के बाद भी राज्य सरकार इनकी डीपीआर नहीं बना पाई है। धूमल ने बताया कि जहां तक एम्स का मामला है उसमें भी राज्य सरकार की मेहरबानी से ही बात सिरे नहीं चढ़ रही क्योंकि जिस वन विभाग की एनओसी आनी बाकी है उसके बारे में राज्य सरकार को जनता के सामने बताएं कि वन विभाग की एनओसी के लिए केंद्र को अप्लाई किया भी है या कब किया है ताकि उस बारे में भाजपा भी जांच करवा सके। उन्होंने कहा कि हैरानी की बात तो यह है कि प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना की डीपीआर प्रदेश सरकार की नालायकी के कारण रदद हो गई है।
उन्होंने कहा कि वास्तव में मुख्यमंत्री को स्वयं भी याद नहीं रहता कि वे क्या बोल रहे हैं और क्या बोल चुके हैं। उन्होंने कहा कि हालत यह हो गई है कि मुख्यमंत्री जो भी बयान देते हैं उनके ही मंत्रिमंडल के सहयोगी उस बात का खंडन कर देते हैं। धूमल ने कहा कि ऐसा ही वीरभद्र सिंह द्वारा धर्मशाला को राजधानी बनाने के बयान के बारे में हुआ। धूमल ने कहा कि पिछले साल मंडी में वीरभद्र सिंह ने कहा था कि पूरे प्रदेश की सडक़ें एक सप्ताह के भीतर ठीक हो जाएंगी लेकिन बाद में वह अपने बयान से पलट गए थे। उन्होंने कहा कि सरकार दनादन नई तहसीलें और एसडीएम कार्यालय खोले जा रही है लेकिन प्रदेश में 45 तहसीलदार और 29 नायब तहसीलदार पद खाली हैं जिन पर भर्ती नहीं की जा रही तो नए कार्यालय में कौन बैठेगा। उन्होंने कहा कि इसी तरह से एसडीएम कार्यालय खोल तो दिए गए हैं लेकिन उनमें भी स्टाफ की कमी चल रही है जिस ओर सरकार का ध्यान ही नहीं है।
उन्होंने कहा कि वास्तव में सरकार नाम की कोई चीज प्रदेश में है ही नहीं क्योंकि मुख्यमंत्री और वन मंत्री के क्षेत्र से सैंकड़ों पेड़ कट जाते हैं कोई नहीं पकड़ा जाता और मामले को रफा-दफा कर दिया जाता है। एचआरटीसी के पेंशन धारकों को पेंशन नहीं मिल रही कोई सुनवाई नहीं है। चार साल बाद जेसीसी की बैठक होती है लेकिन मात्र दो प्रतिशत डीए बढ़ाया जाता है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में भाजपा पूरे प्रदेश की जनता से रूबरू होकर वर्तमान सरकार के कच्चे चिटठों को खोलने जा रही है।

[@ Beas Tragedy : अब तक सबक नहीं सीख पाया Himachal]

[@ अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे]