यूपी चुनाव: डिंपल पर भारी पड़ी प्रियंका, राजाराम को मिला मैदान

www.khaskhabar.com | Published : बुधवार, 15 फ़रवरी 2017, 11:48 AM (IST)

हिमांशु तिवारी, कानपुर। कांग्रेस सपा गठबंधन में अहम भूमिका निभाने वाली प्रियंका गांधी व डिंपल यादव कानपुर की महाराजपुर सीट पर अपनी साख मान चुकी थी। जिसके चलते कांग्रेस से राजाराम पाल व सपा से अरूणा तोमर दमदारी से चुनावी मैदान में डटे रहे। लेकिन अन्ततः चली प्रियंका की ही और अरूणा को मैदान छोड़ना पड़ा।

गठबंधन के तहत पहले कानपुर जनपद की 10 सीटों में से चार सीट कांग्रेस के खाते में गई। जिसके बाद सपा ने बची हुई छह सीट पर अपने उम्मीदवार मैदान में उतार दिए। लेकिन प्रियंका गांधी के करीबी पूर्व सांसद व वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष ने महाराजपुर सीट से पर्चा दाखिल कर गठबंधन में पेंच फंसा दिया। जिसके बाद मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने कानपुर में संयुक्त रैली की और पदाधिकारियों के साथ बैठक भी की। पर इस सीट को लेकर कोई हल नहीं निकल सका और सपा की अरूणा तोमर व कांग्रेस के राजाराम बराबर क्षेत्र में अपने को गठबंधन का प्रत्याशी बता प्रचार-प्रसार करते रहे।

मतदान नजदीक आता देख दोनों पार्टियों के शीर्ष नेताओं की बैठक हुई और राजाराम के नाम पर मुहर लग गई। कांग्रेस नगर अध्यक्ष हर प्रकाश अग्निहोत्री ने बताया कि महाराजपुर सीट से गठबंधन के प्रत्याशी राजाराम होगें और अरूणा अब चुनाव नहीं लडे़गीं। जिससे यह बात साफ हो गई कि प्रियंका गांधी सांसद डिंपल यादव पर भारी पड़ गई।

डिंपल कर चुकी हैं जनसभा
सांसद डिंपल यादव बीते दिनों पार्टी प्रत्याशी अरूणा तोमर के पक्ष में नौबस्ता के रेसकोर्स मैदान में चुनावी जनसभा भी कर चुकी हैं। डिंपल ने जनसभा में एलान किया था कि गठबंधन की प्रत्याशी अरूणा ही रहेगीं। जिसके बाद यह कयास लगाया जा रहा था कि राजाराम को मैदान छोड़ना पड़ सकता है, पर प्रियंका के करीबी राजाराम ने अन्ततः टिकट का मैदान मार लिया।
केन्द्रीय पर्यवेक्षक से मिली संजीवनी
रविवार को राजस्थान के चित्तौड़गढ़ सीट से पूर्व विधायक सुरेन्द्र सिंह जाड़ावत ने केन्द्रीय पर्यवेक्षक बनकर महाराजपुर सीट का दौरा किया। जिसके बाद से कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संजीवनी मिलने लगी और उम्मीद हो गई कि राजाराम ही गठबंधन के प्रत्याशी होगें। बताया जा रहा है कि राहुल गांधी ने जाड़ावत को जमीनी हकीकत जानने के लिए भेजा था। जाड़ावत की रिपोर्ट के बाद दोनों पार्टियों की हाईकमान ने राजाराम को प्रत्याशी स्वीकार कर लिया।

[@ किस पार्टी को वोट देना है? पति-पत्नी में नहीं बन रही सहमति, कई घरों में क्लेश]

[@ अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे]


नीतम सचान को मिल सकता है मैदान

कानपुर देहात की भोगनीपुर सीट से कांग्रेस प्रत्याशी व जिलाध्यक्ष नीतम सचान के पक्ष में चुनावी जनसभा करने लोकसभा में विपक्ष के नेता व प्रदेश प्रभारी गुलाम नबी आजाद आ रहें है। यही नहीं प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर भी सचान के पक्ष में मजबूती से खड़े है और वह भी प्रचार करने आ रहें है। जिससे यह संभावना जताई जा रही है कि नीतम सचान को गठबंधन के तहत चुनावी मैदान मिल सकता है।

[@ चमत्कार! मंदिर में सांप, पुजारी और बदमाश...]