अभिषेक मिश्रा,लखनऊ। हकीकत तो ये है कि विधानसभा चुनाव के पाचवें चरण में 11 जिलों के 52 सीटों पर 27 फरवरी को मतदान होना है। 2012 के विधानसभा चुनाव में सपा को एकतरफा 37 सीटें मिली थीं, जबकि बसपा को मात्र तीन सीटें मिली थीं। इसके अलावा पांचवें चरण में भाजपा व कांग्रेस को भी पांच-पांच सीटें मिली थीं। ऐसे में इस बार के विधानसभा चुनाव में बसपा की अग्नि परीक्षा होने जा रही है। पाचवें चरण में जिन जिलों में चुनाव होने जा रहा है, उसमें बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, गोण्डा, सुलतानपुर, अमेठी, फैजाबाद, अम्बेडकरनगर, सिद्धार्थनगर, बस्ती और संतकबीर नगर जिला शामिल हैं।
इन सीटों का विश्लेषण किया जाये तो बहराइच जिले की 7 विधानसभा सीटों में सपा, भाजपा, कांग्रेस को दो-दो सीटें मिली थीं, जबकि बसपा को मात्र एक सीट से ही संतोष करना पड़ा था। इसी तरह श्रावस्ती जिले की 2 सीटों में से दोनों पर सपा, बलरामपुर के 4 सीटों में से चारो पर सपा, गोण्डा जिले की 7 विधानसभा सीटों में से 6 पर सपा और एक पर भाजपा को जीत मिली थी। यदि इसे दूसरे रुपों में देखा जाये तो देवीपाटन मंडल के चार जिलों में बसपा को मात्र एक सीट मिली थी।
सुलतानपुर जिले की पांच विधानसभा सीटों में से सभी पर सपा, अमेठी की सभी चार सीटों में से 2 पर सपा और 2 पर कांग्रेस, फैजाबाद जिले की 5 विधानसभा सीटों में से 4 पर सपा और एक सीट पर भाजपा और अम्बेडकर नगर की 5 सीटों में से पांचों सीट पर सपा ने 2012 में विजय पताका फहराया था। फैजाबाद मंडल के चार जिलों में से बसपा को एक भी सीट नहीं मिली थी। इस पूरे मंडल में भाजपा को एक और कांग्रेस को मात्र दो सीटें मिली थीं। पूरे प्रदेश में ऐसा कम ही मंडल होगा, जहां पूरे मंडल में बसपा को एक भी सीट न मिली हो।
बस्ती जिले की पांच विधानसभा सीटों में से दो सपा, दो बसपा और एक सीट कांग्रेस के खाते में गयी थी। इसके अलावा संतकबीरनगर जिले की तीन सीटों में से दो पर सपा ने, जबकि एक सीट पीस पार्टी के खाते में गयी थी। इस प्रकार बस्ती मंडल के तीन जिलों की 13 विधानसभा सीटों में से बसपा को मात्र दो सीटें मिलीं थी, पांचवे चरण के नेताओं पर ध्यान दिया जाए तो भाजपा के तमाम दिग्गज नेता सांसद लल्लू सिंह, पूर्व सांसद विनय कटियार व विधायक राजा जय प्रताप सिंह आदि भाजपा के लिए चुनाव प्रचार में जुटे हैं तो सपा की तरफ से विधानसभा अध्यक्ष माता प्रसाद पाण्डेय भी मैदान में डटे हुए हैं। यह सभी वीआईपी इस चरण के चुनाव को जहां रोमांचक बना रहे हैं, वहीं सभी दल अपनी-अपनी जीत के दावे करते नजर आ रहे हैं। पांचवे चरण में पीस पार्टी ने भी दो सीटें जीती थी। इस बार भी पीस पार्टी कई सीटों पर चुनाव लड़ रही है।