35 करोड़ का सीवरेज प्लान तैयार : बुटेल

www.khaskhabar.com | Published : रविवार, 12 फ़रवरी 2017, 7:57 PM (IST)

पालमपुर(कांगडा)। विधानसभा अध्यक्ष बृज बिहारी लाल बुटेल ने रविवार पालमपुर हलके के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बंदला और खलेट के वार्षिक उत्सवों में मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने इस अवसर पर दोनों ही विद्यालयों के पढ़ाई, खेलकूद और अन्य गतिविधियों में अव्वल रहने वाले बच्चों को सम्मानित किया। बुटेल ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान सरकार के चार सालों के कार्याकाल में पालमपुर हलके का सबसे अधिक विकास हुआ है। उन्होंने कहा कि पालमपुर हलके में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, पानी क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास करवाया गया है।
उन्होंने कहा कि पालमपुर शहर के आसपास की पंचायतों के लिए सीवरेज सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए डीपीआर तैयार कर स्वीकृति के लिए भेजी गई है और इसपर लगभग 35 करोड़ रुपये व्यय होंगे। उन्होंने कहा कि पालमपुर हलके में लगभग 20 करोड़ से 9 पुलों का निर्माण किया और करवाया जा रहा है। उन्होंने बच्चों से आहवान किया कि सफलता प्राप्त करने के लिए जीवन में लक्ष्य अवश्य निर्धारित करें और अपने लक्ष्यों की प्राप्ती के लिए कड़ी मेहनत करें। उन्होंने बच्चों से ध्यान लगाकर पढ़ाई करने और जीवन अनुशासित रहने की बात कही। उन्होंने कहा कि पालमपुर हलके में वर्तमान कार्याकाल में 19 स्कूल खोले और स्तरोन्नत किये गये हैं और पालमपुर विस क्षेत्र के हर तीन-चार किलोमीटर पर सीनियर सैकण्डरी स्कूल खोले गये हैंए ताकि बच्चों को घर के नजदीक जमा दो तक शिक्षा उपलब्ध हो सके।
उन्होंने कहा कि बच्चों को घर के नजदीक शिक्षा उपलब्ध करवाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए सरकार द्वारा गांव-गांव में शिक्षण संस्थान खोले गये हैं। उन्होंने कहा कि आज के बच्चें शिक्षित होंगे तो कल का समाज शिक्षित होगा। उन्होंने कहा कि शिक्षण संस्थानों में मूलभूत एवं अन्य शिक्षण सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए वह लगभग 75 प्रतिशत निधि शिक्षण संस्थानों के लिए ही देते हैं। उन्होंने कहा कि बंदला स्कूल में 45 लाख रुपये से कलामंच तैयार किया गया है जो प्रदेश में अपनी तरह का पहला मंच है और इसके निर्माण से यहां वार्षिक उत्सव एवं अन्य कार्यक्रमों के आयोजनों में लाभ प्राप्त हो रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले सत्र से बंदला स्कूल में विज्ञान संकाय की कक्षाएं आरंभ की गई हैं और साईंस लैब के समान इत्यादि के लिए 3 लाख रुपये दिये गये हैं।
उन्होंने कहा कि सुरड़ गांव को भी सड़क सुविधा से जोड़ दिया जायेगा। इस अवसर पर उन्होंने बंदला स्कूल में नवनिर्मित कला मंच में ग्रिल गेट लगाने के लिए 1 लाख, विद्यालय में सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए 25 हजार देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि गर्मियों में खिल्ल बोहल सड़क की टारिंग करने के निर्देश विभाग को दिये। उन्होंने खलेट स्कूल को एक कमरे के निर्माण के लिए 1 लाख, चारदीवारी के निर्माण के लिए 1 लाख, सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए 20 हजार और प्राथमिक स्कूल खलेट को 5 हजार देने की घोषणा की। इस अवसर पर बंदला स्कूल के प्रधानाचार्य, जगजीत जम्वाल और खलेट की प्रधानाचार्य कामिनी सूद ने मुख्यातिथि का स्वागत किया और विद्यालय की वार्षिक रिर्पोट प्रस्तुत की।

[@ अजब गजबः 200 ग्राम का गेहूं का दाना]