लोग कांग्रेस-भाजपा से निराश, आप राज्य में तीसरा विकल्प बनेगी-सिसोदिया

www.khaskhabar.com | Published : शनिवार, 11 फ़रवरी 2017, 6:08 PM (IST)

जयपुर। दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि राजस्थान में लोग कांग्रेस-भाजपा से निराश हो चुके हैं। दोनों पार्टियां और दोनों के नेता एक जैसे हैं। पार्टियां बदलती रहती है लेकिन हालात वहीं के वही रहते है। इसे देखते हुए राजस्थान में आम आदमी पार्टी तीसरा विकल्प बन कर सामने आएगी। दो साल गांव-गांव जनता के बीच जाकर आप ने दिल्ली में जनता की उपलब्धियां बताएंगे। तब तक हमारे पास गोवा और पंजाब के रिजल्ट भी आ जाएंगे।
सिसोदिया शनिवार को जयपुर के पिंकसिटी प्रेस क्लब में मीडिया से रुबरु थे। सिसोदिया ने बताया कि राजस्थान में भी जनता नेताओं के शोषण, भ्रष्टाचार, महंगी-बिजली पानी से दुखी है। आम आदमी पार्टी जनता को इससे मुक्ति दिलाएगी। राजस्थान में आप ने कैडर बना लिया है। जल्दी इसका विस्तार किया जाएगा। सिसोदिया यहां पार्टी के कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए आए हुए थे। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि दिल्ली की कालोनियों के नलों में पानी नहीं आता था। बिजली महंगी थी, व्यापारी टैक्स और इंस्पेक्टर राज से दुखी था। सरकार में आने के बाद इस सारी स्थिति से लोगों को मुक्ति दिलाई।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की कार्यशैली पर नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि देश की जनता ने जिस व्यक्ति पर सबसे ज्यादा भरोसा करके उसे सत्ता तक पहुंचाया उसी ने आम आदमी को लाइन में खड़ा कर दिया। व्यापारियों का धंधा चौपट कर दिया। मोदी ने भाजपा को जुमला पार्टी बना दिया है। देश का प्रधानमंत्री अभी तक जनता को यह भी नहीं बता पा रहा है कि नोटबंदी से कितना रुपया रिर्जव बैंक के पास आया और कितना गया। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी गोवा और पंजाब चुनाव में बहुत अच्छी पोजिशन में है। बाकी 11 मार्च के रिजल्ट बताएंगे।
इससे पूर्व पिंकसिटी प्रेस क्लब के अध्यक्ष वीरेन्द्र राठौड़, महासचिव मुकेश चौधरी ने सिसोदिया का स्वागत किया।

[@ इस मंदिर में सात दिन जलाए दीपक, हो जाएगी शादी ]