फिल्म समीक्षा : मनोरंजक, किन्तु उम्मीदों पर खरी नहीं उतरती जॉली-2

www.khaskhabar.com | Published : शुक्रवार, 10 फ़रवरी 2017, 2:32 PM (IST)

लेखक निर्देशक : सुभाष कपूर
निर्माता : फॉक्स स्टार स्टूडियो
कलाकार : अक्षय कुमार, हुमा कुरैशी, अन्नू कपूर, कुमुद मिश्र, सौरभ शुक्ला, सयानी गुप्ता, इनामुल हक, मानव कौल

दो राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त फिल्म जॉली एलएलबी के सीक्वल से उम्मीदें थी कि यह फिल्म अपनी पिछली फिल्म की तल्खी को बरकरार रखते हुए दर्शकों को ना सिर्फ मनोरंजन प्रदान करेगी बल्कि न्यायिक पालिका के लिए कुछ संदेश भी देगी। फिल्म मनोरंजन तो करती है परन्तु यह मूल फिल्म से कई कदम पीछे रह गई है। लेखक निर्देशक सुभाष कपूर ने फिल्म को बडा बनाने के फेर में कई ऐसी गलतियां की हैं जो इसे असरहीन बना देती हैं।

[@ Breaking News : अब घर बैठे पाए Free JIO sim होम डिलीवरी जानने के लिए यहाँ क्लिक करे]

फिल्म की सबसे बडी गलती इसके अदालती दृश्य हैं जिनमें कोई फ्लो नहीं है। दृश्य अच्छे और मजाकिया जरूर हैं। इसके साथ ही फिल्म की गति धीमी है जो बोरियत पैदा करती है। इसका कारण इसका कथानक है जो लखनऊ से शुरू होता हुआ जम्मू कश्मीर पहुंच जाता है। अदालत में धरने का दृश्यों को बेवजह खींचा गया है संपादन की टेबल पर इसे कम किया जा सकता था। मध्यान्तर के बाद फिल्म रूक सी जाती है। अदालती दृश्यों में जॉली और विपक्षी वकील प्रमोद माथुर (अन्नू कपूर), जज (सौरभ शुक्ला) के बीच की कानूनी बहस में उलझ गया है। हालांकि यह बहस प्रभावशाली है जो जानकारी के साथ मनोरंजन करती है लेकिन इसके कुछ हिस्से ऐसे हैं जो वास्तविकता से परे हैं।

फिल्म में गीतों की भरमार है। शुरूआती 20 मिनट के बाद ही गो गोपाला गीत आता है, जिसकी कोई आवश्यकता नजर नहीं आती। होली के रंगों में भीगा यह गीत प्रभाव छोडने में असफल रहा है। एक गीत बावरे नैन. . .और बैकग्राउंड म्यूजिक अच्छा है। फिल्म में अक्षय कुमार हैं जिसके चलते एक्शन दृश्य भी रखे गए हैं। अभिनय के लिहाज से अन्नू कपूर सब पर भारी पडे हैं। सौरभ शुक्ला असरकारक हैं और कुमुद मिश्र बेमिसाल हैं। भ्रष्ट इंसपेक्टर के रूप में उनका काम सराहनीय है। सुल्तान के बाद उन्होंने एक और बेहतरीन किरदार निभाया है। अफसोस होता है अक्षय कुमार को देखकर, जिनका अभिनय कमतर है हालंकि उनकी कॉमिक टाइमिंग अच्छी है।

कुल मिलाकर यह कहा जा सकता है कि यह फिल्म पिछली फिल्म के मुकाबले कमतर है। जॉली के रूप में जो प्रभाव अरशद वारसी ने छोडा था, अक्षय कुमार उन्हें छूने में असफल रहे हैं। अफसोस होता है सुभाष कपूर पर जिन्होंने इस किरदार के लिए अक्षय को लिया और उन्हें 42 करोड का भुगतान किया। अरशद वारसी द्वारा निभाया गया किरदार उनके करियर में लार्जन दैन लाइफ है।