SC का आदेश,39हजार करोड़ की सहारा एंबी वैली जब्त,पैसे दो-जेल से बचो

www.khaskhabar.com | Published : सोमवार, 06 फ़रवरी 2017, 5:10 PM (IST)

नई दिल्ली। सेबी-सहारा विवाद में सुप्रीम कोर्ट ने सहारा को एक बार फिर बड़ा झटका देते हुए उसकी एंबी वैली को जब्त करने के आदेश दिए हैं। एंबी वैली 39 हजार करोड़ की संपत्ति है। सहारा जब तक पैसा नहीं चुका देता, एंबी वैली कोर्ट के पास अटैच रहेगी। कोर्ट ने इसके साथ ही सहारा से उन संपत्तियों की लिस्ट मांगी है जिन पर विवाद नहीं है ताकि उनकी नीलामी हो सके। सहारा को यह लिस्ट 20 फरवरी तक देने को कहा है। कोर्ट ने सहारा प्रमुख को कहा कि जब तक आप रुपये देते रहेंगे, हम आपको वापस जेल नहीं भेजेंगे। इसके साथ ही सहारा प्रमुख की पैरोल आगे बढ़ा दी गई। सहारा प्रमुख की ओर से सेबी को 600 करोड़ रुपये जमा कराए गए।
इस मामले में 27 फरवरी को अगली सुनवाई होगी। कोर्ट ने कहा कि पहले मूलधन को देखेंगे, उसके बाद ब्याज की बात करेंगे। सेबी ने कोर्ट को बताया कि अभी सहारा की ओर से 14779 करोड़ रुपये बकाया हैं।

[@ यहां पेड़ों की रक्षा को 363 लोगों ने दिया था बलिदान]

पिछली सुनवाईं के दौरान कोर्ट ने सुब्रत राय को 6 फरवरी तक 600 करोड़ रुपया जमा करने का आदेश दिया था। कोर्ट ने कहा था कि अगर पैसे जमा नहीं हुए तो सहारा प्रमुख को जेल जाना होगा। दरअसल, पिछली सुनवाईं के दौरान सहारा ग्रुप की तरफ से सुप्रीम कोर्ट में गुहार लगाई गई थी कि नोटबंदी की वजह से वह ऐसा करने में समर्थ नहीं हो पाएंगे, लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि 28 नवंबर को जब आदेश दिए गए थे तब भी हालात ऐसे ही थे।
बता दें कि सहारा प्रमुख सुब्रत राय फिलहाल पैरोल पर बाहर हैं। सुब्रत रॉय को मां के अंतिम संस्कार के लिए 6 मई, 2016 को पैरोल दी गई थी। उसके बाद 28 नवंबर, 2016 को सुप्रीम कोर्ट ने सुब्रत रॉय को जेल से बाहर रहने के लिए 6 फरवरी, 2017 तक 600 करोड़ रुपये जमा कराने का निर्देश दिया था।

[@ ब्रह्मा मंदिर के दिवंगत महंत के तीसरे कमरे से भी निकला खजाना]

[@ अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे]