ओलंपिक विजेता पहलवानों की जुबानी, देश की मजबूती के लिए करें मतदान

www.khaskhabar.com | Published : मंगलवार, 31 जनवरी 2017, 12:52 PM (IST)

कानपुर। उत्तर प्रदेश में होने जा रहे विधानसभा चुनाव में अधिक से अधिक मतदान के लिए ओलंपिक विजेता पहलवानों ने मुहिम शुरू कर दी है। जिसके चलते कानपुर में पहलवानों ने जिला प्रशासन की ओर से मतदाता जागरूकता कार्यक्रम में भाग लेकर कहा कि देश तभी मजबूत होगा जब मतदाता मतदान करने के लिए ठान ले। इस दौरान उन्होंने शहरवासियों से मतदान की ताकत का एहसास कराते हुए मतदान की अपील भी की।

जिला प्रशासन जनपद में सौ फीसदी मतदान के लिए एड़ी चोटी का जोर लगाए हुए है। कभी सामाजिक कार्यकताओं की मद्द से तो कभी सरकारी विभागों के कर्मचारियों के जरिए मतदाता जागरूकता कार्यक्रम इन दिनों चला रहा है। इसी क्रम में सोमवार को कुश्ती में ओलंपिक विजेता गीता व बबिता फगाट को मुख्य अतिथि के रूप में बुलाया। दोनों ने संयुक्त रूप से जीडी गोयनका स्कूल में अपने संबोधन में कहा कि मतदान न करना देश की सेहत के लिए हानिकारक है। दोनों पहवानों ने कहा कि वोट सबका अधिकार है आप सभी इस अधिकार का उपयोग अवश्य करें। ताकि लोकतांत्रिक मूल्यों को स्थापित करने के साक्षी बन सकें। कहा कि हमारा देश लोकतांत्रिक है और यह तभी मजबूत हो सकता है जब अधिक से अधिक मतदाता मतदान करें। कहा कि आपके एक-एक वोट से पूरी लोकतांत्रिक व्यवस्थाएं चल रहीं है। जिससे हर हाल में मतदान अवश्य करें और अपने आस-पास के मतदाताओं को जिम्मेदारी के साथ मतदान के लिए प्रेरित करें। इसके बाद डीएम व जिला निर्वाचन अधिकारी के सानिध्य में दोनों पहलवानों ने मतदाता जागरूकता रैली को भी रवाना किया। इस दौरान एडीएम व उप जिला निर्वाचन अधिकारी समीर वर्मा, सीडीओ अरूण कुमार, चंदन अग्रवाल, स्कूल का स्टॉफ व बच्चे मौजूद रहें।



पहले करें मतदान फिर जलपान


रेसलर गीता ने मतदाता जागरूक रैली के दौरान वोटर्स से कहा कि 19 फरवरी का दिन गंगा के किनारे के लोगों के लिए खास है, क्योंकि इसी दिन यहां मतदान है। इस दिन को 35 लाख की आवाम एक त्योहार की तरह मनाए और सौ फीसदी मतदान कर एक अनोखी मिशाल कायम करे। गीता ने कहा कि आप पहले मतदान करें फिर जलपान करें तभी देश को ताकत मिलेगी।


खुद खाई और लोगों को खिलाई कसम


दंगल फिल्म की रेसलर गीता व बबिता ने मतदान करने की खुद और फिर स्कूल परिसर और सड़क पर मौजूद लोगों से कसम खिलाई। गीता ने कहा कि देश और समाज तभी सुरक्षित और विकसित हो सकता है, जब अच्छा जनप्रतिनिधि आप चुने। इसके लिए आपको पहले मतदान करना होगा। राजनीति गंदी नहीं होती, इसमें अच्छे लोग आज भी मौजूद हैं। इसके साथ ही पढ़े लिखे लोगों को भी राजनीति में आना चाहिए। दोनों रेसलरों ने स्कूली बच्चों से कहा कि अपने-अपने घर जाना माता-पिता और भईया व बहना से मतदान करने के लिए कहना।


जारा को मिले साथ


पहलवानों ने कहा कि दंगल फिल्म में गीता फोगाट का किरदार करने वाली जम्मू कश्मीर की जारा वसीम के हालात इस समय ठीक नहीं है। जारा को फिल्म में गीता फोगाट का रोल करने के लिए अपने बालां को कटवाना पड़ा था, जिसका काफी विरोध हो रहा है। बबिता फोगाट ने जारा के साथ हो रहे विरोध पर कहा कि पूरे देश को उनका साथ खड़ा होना चाहिये, क्योंकि उन्होंने कोई गलत काम नहीं किया है। उन्होंने उन लड़कियों के रोल किये हैं जिन्होंने देश का नाम रोशन किया तो ऐसे में सरकार व पूरे देश को उनके साथ खड़ा होना चाहिये।



डांट का न मानें बुरा

फोगाट सिस्टर्स को स्कूल में देखकर बच्चे फूल नहीं समाये। गीता ने बच्चों से कहा कि जीवन में आगे बढ़ने के लिए एक लक्ष्य, कठिन परिश्रम के अलावा गुरु व माता -पिता का आशीर्वाद बहुत जरूरी है। इसी आशीर्वाद की बदौलत मुझे भी कामयाबी मिली है। माता-पिता और गुरु हमेशा आपको आगे बढ़ाना चाहते हैं। इसलिए आपको अनुशासित बनाने के लिए कभी डांटते भी हैं। हमें उनकी डांट का कभी बुरा नहीं मानना चाहिए।

[@ EXCLUSIVE: बीजेपी को मुस्लिमों से परहेज क्यों !]

[@ अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे]