कानून-व्यवस्था बनाये रखने की परीक्षा से गुजरेगी भाजपा सरकार

www.khaskhabar.com | Published : सोमवार, 30 जनवरी 2017, 1:14 PM (IST)

बलवंत तक्षक
चंडीगढ़।
जाटों के लिए आरक्षण की लड़ाई लंबी चलेगी। पिछड़े वर्गों के लिए केंद्र की तरफ से मंडल कमीशन की सिफारिशें लागू करने के थोड़े अर्से बाद ही जाट समुदाय ने भी आरक्षण की मांग शुरु कर दी थी, लेकिन इस मांग के लागू होने में अभी और समय लगेगा। जाटों ने आरक्षण के लिए हरियाणा के 19 जिलों में धरने-प्रदर्शन का कार्यक्रम शुरु कर दिया है। उम्मीद की जा रही है कि अपने वादे के मुताबिक आंदोलनकारी इस दौरान राज्य में शांति भंग करने की कोई कोशिश नहीं करेंगे।

हालांकि, पिछले आंदोलन के दौरान हुई हिंसा व आगजनी की घटनाओं और जान-माल के नुकसान के मद्देनजर खट्टर सरकार पहले ही सचेत है। समय की मांग के मुताबिक सुरक्षा बलों की कंपनियां तैनात की जा चुकी हैं और पुलिस प्रशासन भी चौकस है। आरक्षण की मांग को ले कर चलाये जा रहे आंदोलन की अगुवाई कर रहे यशपाल मलिक को मालूम है कि खट्टर सरकार आरक्षण का बिल विधानसभा में पारित कर चुकी है और यह मामला इस समय पंजाब व हरियाणा हाईकोर्ट में विचाराधीन है।

आंदोलन शुरु करने की चेतावनी के बाद भाजपा सरकार की तरफ से अदालत के फैसले का इंतजार करने का आग्रह किया गया था। इस मुद्दे पर जाट समुदाय के कुछ नेता, जो मलिक खेमे से अलग हैं, मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर से मिले थे। बातचीत के दौरान खट्टर सरकार का रुख सकारात्मक था। मुख्यमंत्री ने ज्यादातर मांगों पर सहमति जाहिर की और ऐसा माना जा रहा है कि मंत्रिमंडल की अगली बैठक में उनकी मांगों के पक्ष में फैसला लिया जा सकता है।

[@ भगवान शिव को पाने के लिए युवती ने जान दी]

अगर ऐसा होता है तो इसका अर्थ यही होगा कि हरियाणा सरकार टकराव नहीं चाहती। अमन और शांति बनाये रखने के लिए मुख्यमंत्री आरक्षण की मांग को ले कर आंदोलन करने वाले लोगों से सहमति बनाये रखने के हक में हैं। दरअसल, उत्तरप्रदेश और पंजाब में विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए जाट समुदाय के अगुवा हरियाणा सरकार पर दबाव बनाने की कोशिश में हैं। धमकी दी गई है कि आरक्षण नहीं मिला तो उत्तरप्रदेश में जाट और पंजाब में जट्ट मतदाता भाजपा के खिलाफ वोट देंगे।

पश्चिमी उत्तरप्रदेश में जाट मतदाताओं की अच्छी-खासी तादाद है और चुनाव के समय भाजपा जाटों को नाराज करने का खतरा मोल नहीं लेना चाहेगी। ऐसे में मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने एक शिष्टमंडल से मुलाकात कर उनकी मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार का भरोसा दिलाया है। अब देखना यह है कि जाट आंदोलन के दौरान मारे गए आंदोलनकारियों के आश्रितों को सरकारी नौकरी देने, जेलों में बंद युवकों को रिहा करने, उनके खिलाफ दर्ज मुकदमे वापस लेने और घायलों को उचित मुआवजा देने की मांगों पर अमल किया जाता है या नहीं।


जाटों को केंद्र व हरियाणा में आरक्षण की मांग अदालत के फैसले पर निर्भर करेगी। जाटों के खिलाफ आवाज बुलंद करते रहे भाजपा सांसद राजकुमार सैनी पर भी कार्रवाई की संभावना कम ही हैं। लोगों का मानना है कि सैनी बिना भाजपा आलाकमान के इशारे पर इतने आगे नहीं जा सकते। फिर भी हरियाणा सरकार की कोशिश यही रहेगी कि मजबूत वोट बैंक वाले जाट समुदाय को नाराज होने का मौका नहीं दिया जाए।

जाटों को खुश करने के इरादे से ही, गैर जाट समुदाय के वोट हासिल कर हरियाणा में सत्ता में आई भाजपा सरकार ने विधानसभा में बिल पारित कर उन्हें आरक्षण दिया था। खट्टर सरकार जाटों को आरक्षण देने के फैसले पर अदालत से लगी रोक को हटाने की कोशिशों में भी जुटी है। लोकसभा चुनावों से ठीक पहले केंद्र की यूपीए सरकार ने जाटों को आरक्षण देने का फैसला किया था। केंद्र के इस फैसले के पीछे नीयत चुनावों में जाटों के वोट हासिल करने की थी, लेकिन प्रधानमंत्री पद के दावेदार के तौर पर उभरे नरेंद्र मोदी की आंधी में कांग्रेस को कामयाबी नहीं मिली।

इसके बाद मार्च, 2015 में सुप्रीम कोर्ट ने जाटों को आरक्षण देने का फैसला रद्द कर दिया। कारण यह रहा कि केंद्र सरकार ने राष्ट:ीय पिछड़ा वर्ग आयोग की रिपोर्ट को नजरअंदाज किया। हुड्डा सरकार ने जाटों को सामाजिक व शैक्षणिक तौर पर पिछड़ा मानते हुए आरक्षण दिया था। आरक्षण अब हरियाणा की भाजपा सरकार ने भी दिया हुआ है, लेकिन इस फैसले पर अदालत की रोक के चलते अमल नहीं हो पा रहा है। जाटों को आरक्षण के लिए सडक़ पर लड़ाई लडऩे के साथ ही इस लड़ाई को अदालत में भी लडऩा होगा और इसमें कितना समय लगेगा, इस बारे में कुछ कह पाना मुश्किल है।

[@ जानिए कहां रहते थे अंतिम हिंदू सम्राट विक्रमादित्या, क्या है नाम..]

[@ अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे]