आसाराम को SC से झटका, जमानत अर्जी खारिज, नई FIR के आदेश

www.khaskhabar.com | Published : सोमवार, 30 जनवरी 2017, 1:04 PM (IST)

नई दिल्ली। नाबालिग से रेप के आरोप में पिछले तीन साल से भी अधिक समय से जेल में बंद आसाराम बापू और उनके समर्थकों को सुप्रीम कोर्ट ने तगड़ा झटका दिया है। सुप्रीम कोर्ट ने न सिर्फ मेडिकल आधार पर लगाई गई अंतरिम जमानत याचिका और नियमित जमानत याचिका को खारिज कर दिया, बल्कि उनके खिलाफ जेल अधीक्षक का फर्जी खत लगाने के मामले में एफआईआर दर्ज कराने का भी आदेश दिया है। आसाराम बापू के रवैये पर नाराजगी जताते हुए कोर्ट ने कहा कि वह केस के ट्रायल में जानबूझकर अड़ंगा डाल रहे हैं।

आसाराम की याचिका की सुनवाई करते हुए कोर्ट ने कहा कि मेडिकल रिपोर्ट से साफ है कि आसाराम की मेडिकल हालत ठीक है और इस आधार पर उन्हें जमानत नहीं मिल सकती है। सुप्रीम कोर्ट ने साथ ही झूठी मेडिकल रिपोर्ट देने के कारण आसाराम पर एक लाख रुपये का जुर्माना और एफआईआर दर्ज करने का आदेश भी दिया है। कोर्ट ने इस मामले में आसाराम की माफी को भी खारिज कर दिया। कोर्ट ने कहा कि आसाराम ने खुद ही बिना कोई कारण बताए एमआरआई कराने से इनकार कर दिया था। सरकार ने भी आसाराम की जमानत का विरोध किया था।

बता दें कि इससे पहले राजस्थान सरकार ने सुप्रीम कोर्ट को बताया था कि आसाराम के वकीलों ने जमानत मामले में जेल सुपरिंटेंडेंट का फर्जी पत्र लगाया है, जिसके अनुसार आसाराम की हालत खराब होने की बात बताई गई थी। सुप्रीम कोर्ट ने आसाराम के स्वास्थ्य पर एम्स से बोर्ड का गठन करने और दस दिन में जांच रिपोर्ट देने को कहा था, जिसे अस्पताल ने दाखिल कर दिया था।

सुप्रीम कोर्ट ने आसाराम को अंतरिम जमानत नहीं देने के अपने पहले के आदेश में बदलाव करने से इनकार करते हुए कहा कि त्वरित अनुरोध विचार योग्य नहीं है इसलिए इसे खारिज किया जाता है। सुप्रीम कोर्ट ने आसाराम के खिलाफ राजस्थान में दर्ज यौन उत्पीडऩ के मामले में नियमित जमानत की अपील भी खारिज कर दी। सुनवाई के दौरान कोर्ट ने टिप्पणी करते हुए कहा कि हम इस बात को नजरअंदाज नहीं कर सकते कि मुकदमे को बेवजह लंबा खींचा जा रहा है और अभियोजन पक्ष के गवाहों पर हमले हुए जिनमें से दो की तो मौत भी हो गई।

[@ इस कुण्ड में नहाने से भागते हैं भूत!]

कोर्ट के मुताबिक, केस के जांच अधिकारी को क्रॉस एग्जामिनेशन (जिरह) के लिए 104 बार ट्रायल कोर्ट में बुलाया गया, और ट्रायल के दौरान कई गवाहों पर भी हमले हुए, जिनमें दो की जान चली गई, ऐसे हालात में आसाराम बापू को जमानत नहीं दी जा सकती।
इसके अलावा कोर्ट ने जमानत हासिल करने के लिए जेल सुपरिंटेंडेंट का फर्जी खत दाखिल करने पर सख्त रुख अपनाते हुए राजस्थान सरकार को आसाराम बापू के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच करने के आदेश दिए।

सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि जमानत के लिए सुप्रीम कोर्ट में काल्पनिक पत्र दाखिल करना गंभीर अपराध है, इसे हल्के में नहीं लिया जा सकता और न ही बिना शर्त माफी मांग लेने के आधार पर मामले को खत्म किया जा सकता है। कोर्ट ने कहा कि जांच अधिकारी एफआईआर दर्ज कर जल्द से जल्द जांच पूरी करें और अपराध साबित होने पर कानूनी कारवाई करें। कोर्ट ने फर्जी खत देने के लिए आसाराम बापू पर एक लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया।

दरअसल, आसाराम बापू की तरफ से सुप्रीम कोर्ट में 8 नवंबर, 2016 को जोधपुर सेंट्रल जेल के सुपरिंटेंडेंट का पत्र लगाया गया था, जिसमें लिखा था कि आसाराम की तबियत खराब है। बाद में सरकार ने सुप्रीम कोर्ट को बताया था कि यह खत फर्जी है। इसके बाद आसाराम ने भी माना था कि खत सही नहीं है और कोर्ट से बिना शर्त माफी भी मांगी थी।
सुप्रीम कोर्ट में इस मामले से जुड़ी पिछली सुनवाई में जस्टिस आरके अग्रवाल ने सुनवाई से खुद को अलग कर लिया था, और अब मामले की सुनवाई चीफ जस्टिस की बेंच कर रही है।


[@ यहां पति-पत्नी 5 दिनों के लिए बन जाते हैं एक दूसरे से अंजान, जानिए क्यों ]

[@ अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे]