सीकर। मेहनत के मोतियों के पकाव अवधि पर आई मावठ के साथ गिरे ओलों ने जिले के कई किसानों की कमर तोड़ दी है। किसानों की सरसों, चने व प्याज की फसलें जहां टूट कर आड़ी गिर गई है, वहीं फलियां व चने का फाल झड़ गया है। ओलावृष्टि से कई क्षेत्रों में तबाह हुई फसलों को देख कर किसानों के आंसू नहीं रुक रहे है। वहीं कृषि महकमा तीन दिन बाद भी नुकसान का आंकलन तक नहीं कर पाया है। जबकि जिले के दो दर्जन से ज्यादा गांवों में ओलों से नुकसान होना सामने आया है। कृषि विभाग के अधिकारियों के अनुसार जिले में नुकसान का आंकलन कराया जा रहा है। जिले के लोसल के भीमा, लोसल छोटी, श्रीमाधोपुर के सिहोड़ी, सरगोठ, अरणियां, नांगल, नाथूसर, बागरियावास, फूटाला, थोई, रामपुरा, करकड़ा, रूपपुरा, झाड़ली, मूंडरू, रतनपुरा, कादूवाला सहित अनेक गांवों में खराबा सामने आया है। ओलों से सबसे ज्यादा नुकसान सरसों, चना, प्याज की फसल आदि में हुआ है। अगेती सरसों में जहां सरसों के पौधे व फलियां टूट गई तथा फसल पसर गई है। वहीं चना की फसल के फूल आदि ओलों से झड़ गए तथा पौधे की टहनियां टूट गई है। प्याज के पौधे भी टूट कर पसर गए। श्रीमाधोपुर कृषि विभाग के आंकलन के अनुसार अगेती सरसों में 20 प्रतिशत तक तथा चने में 15 प्रतिशत तक नुकसान हुआ है। वहीं प्याज की फसल में ज्यादा नुकसान हुआ है। हालांकि विभाग अभी आंकलन करवा रहा है। इसके बाद भी सही नुकसान सामने आएगा। लोसल के भीमा गांव निवासी किसान अमराराम के सात बीघा खेत में लगाई प्याज की फसल ओलों की भेंट चढ़ गई। ओलावृष्टि से प्याज के पौधे टूट गए तथा फसल पसर गई। अमराराम ने बताया कि उसने सात बीघा में प्याज लगाया था। इसमें करीब 50 हजार रुपए का खर्चा आया था। अच्छी प्याज की फसल थी, जिससे उसे करीब ढाई लाख रुपए की उम्मीद थी, लेकिन दो दिन पहले मावठ के साथ ओलावृष्टि ने उसकी उम्मीदों को तोड़ दिया है। उसके खेत में 70 प्रतिशत तक प्याज की फसल खराब हो चुकी है।
[@ यह है अनोखा कोर्ट, यहां नहीं मिलती तारीख पे तारीख]
[@ अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे]