मुख्यमंत्री ने पल्स पोलियो के प्रथम चरण का किया शुभारम्भ

www.khaskhabar.com | Published : रविवार, 29 जनवरी 2017, 4:42 PM (IST)

सोलन। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने सोलन जिले के नालागढ़ में बच्चों को पल्स पोलियो की खुराख पिलाकर पल्स पोलियो अभियान-2017 के प्रथम चरण का शुभारम्भ किया। मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वे ये सुनिश्चित बनाएं कि 0-5 वर्ष आयु वर्ग के कोई भी बच्चा बिना पोलियो खुराक के न छूटे। उन्होंने कहा कि यद्यपि हमारा देश और प्रदेश पोलियोमुक्त हो चुका है फिर भी प्रत्येक बच्चों को पोलियो से मुक्त रखने के लिए निरंतर सघन प्रयास किए जाने चाहिए।
उन्होंने कहा कि देश व प्रदेश को पोलियो मुक्त बनाए रखनेे के लिए अप्रवासी लोगों विशेषकर राज्य के सीमावर्ती एवं औद्योगिक क्षेत्रों के श्रमिकों पर विशेष नजर रखते हुए यहां के बच्चों को पल्स पोलियो की खुराक पिलाना सुनिश्चित बनाया जाए। हिमाचल प्रदेश को वर्ष 2009 में पोलियो मुक्त घोषित किया गया है और नालागढ़ क्षेत्र से पोलियो का अंतिम मामला प्रकाश में आया था। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार आज आरम्भ हुए पल्स पोलियो अभियान के प्रथम चरण में 0-5 आयु वर्ग के 6,74,240 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी और यह अभियान 31 जनवरी, 2017 तक जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि इस अभियान के लिए प्रदेश में 5,876 पोलियो बूथ स्थापित किए गए हैं और विभिन्न विभागों के 23,482 कर्मचारियों को तैनात किया गया है।
उन्होंने कहा कि परिवहन विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि निगम और निजी बसों केे चालक बस स्टेंड और विभिन्न सड़कों पर स्थापित पोलियो बूथ पर बसों का रोकना सुनिश्चित बनाएं, ताकि यात्रा कर रहे बच्चों को भी पोलियो की खुराक पिलाई जा सके। इसी तरह से औद्योगिक विभाग के अधिकारियों को भी निर्देश दिए गए हैं कि वे भी श्रमिक कालोनियों में पोलियो खुराक पिलाना सुनिश्चित करें। पल्स पोलियो अभियान का दूसरा चरण 4 अप्रैल 2017 को आरम्भ किया जाएगा। पल्स पोलियो अभियान के प्रथम चरण में आज सोलन जिले में 85,417 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी।
बाद में, नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र के धाना में लोगों को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने घोषणा की कि राजपुरा से उपरली ढांग और बोधला से रतयोड़ पुलों का निर्माण बददी-बरोटीवाला-नालागढ़ विकास प्राधिकरण द्वारा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बीबीएन क्षेत्र को विश्व स्तरीय औद्योगिक हब के रूप में विकसित किया जा रहा है और आधारभूत ढांचा विकसित करने के लिए यहां पर 100 करोड़ रुपये व्यय किए जा रहे हैं।

[@ बाबा का चमत्कार या लोगों का अंधविश्वास!]

[@ अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे]