सरकारी भूमि पर अवैध काम्पलेक्स बनाने के आरोप में पूर्व सांसद पुत्र गिरफ्तार

www.khaskhabar.com | Published : शनिवार, 28 जनवरी 2017, 8:38 PM (IST)

गोंडा। जिले में सरकारी जमीन पर अवैध तरीके से काम्पलेक्स बनाने के मामले में कठोर कार्रवाई करते हुए जिलाधिकारी आशुतोष निरंजन ने पूर्व सांसद के पुत्र समेत दो व्यक्तियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करवाकर जेल भेजवा दिया है। साथ ही दोनों अवैध निर्माण के ध्वस्तीकरण का आदेश दिया है।

सूत्रों ने बताया कि थाना कोतवाली नगर क्षेत्र के मोहल्ला पटेल नगर में ईदगाह के पास नजूल की जमीन पर मल्टी काम्पलेक्स बनवा रहे मोहम्मद कासिम पुत्र स्व. फसीउर्रहमान उर्फ मुन्नन खां (पूर्व सांसद), मोहम्मद राशिद पुत्र मोहम्मद अख्तर एवं श्रीमती पूनम पत्नी स्व. बब्बन श्रीवास्तव को तत्काल निर्माण कार्य रोकने के निर्देश दिए गए थे। जिलाधिकारी के निर्देश के बावजूद अवैध कब्जेदार मोहम्मद कासिम ने फर्जी दस्तावेजों के सहारे नजूल जमीन पर अपना वैधानिक अधिकार बताते हुए निर्माण कार्य नहीं रोका गया। इसे गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने प्रकरण में मुकदमा दर्ज कराए जाने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी के निर्देश पर गोंडा नगर पालिका परिषद के प्रभारी राजस्व निरीक्षक रघुनाथ तिवारी ने बिना मानचित्र स्वीकृत कराए मल्टी काम्प्लेक्स का निर्माण करने तथा फर्जी अभिलेख तैयार करने के आरोप में थाना कोतवाली नगर में भादवि की धारा 419, 420, 467, 468, 471 व 03 उप्र लोक सम्पत्ति क्षति निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा पंजीकृत कराया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मो. कासिम को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। उल्लेखनीय है कि अभियुक्त के पिता मुन्नन खां बलरामपुर से निर्दलीय सांसद थे तथा उन पर उतरौला (बलरामपुर) के तत्कालीन उपजिलाधिकारी के अपहरण का भी मुकदमा चला था।

इसी प्रकार नगर के मोहल्ला मालवीय नगर में राम लीला मैदान के पास सरकारी नजूल की जमीन पर जो कि सरकारी दस्तावेजों में अयोध्या रियासत के नाम दर्ज है, को बैनामे की जमीन दिखाते हुए मानचित्र स्वीकृत कराए एवं फ्री होल्ड कराए बिना ही अवैध रूप से रिशू सिन्धी पुत्र राजकुमार राजू सिन्धी द्वारा करा लिया गया। इस प्रकरण में भी प्रशासन द्वारा कई बार नोटिस भेजकर तत्काल अवैध निर्माण रोकने के निर्देश दिए गए थे। परन्तु अवैध कब्जा करने वालों द्वारा डीएम के आदेश को दरकिनार कर निर्माण कार्य करा लिया गया। डीएम ने उक्त दोनों मल्टी काम्पलेक्स भवन को तत्काल गिराने के भी आदेश दिए हैं। जिलाधिकारी ने बताया कि सरकारी जमीनों पर अवैध रूप से कब्जा करने वालों को नोटिस भेजकर स्वतः कब्जे हटा लेने की नेाटिसें दी जा रही है। उन्होंने कब्जेदारों को चेतावनी दी है कि वे स्वयं अवैध कब्जे हटा लें अन्यथा की दशा में भवन के ध्वस्तीकरण के साथ-साथ दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्यवाही की जाएगी।

[@ श्मशान में सजी महफिल, बार-बालाओं ने लगाए ठुमके]

[@ अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे]