षड्यंत्रों में लिप्त लोग कभी सफल नहीं होते: वीरभद्र सिंह

www.khaskhabar.com | Published : शनिवार, 28 जनवरी 2017, 6:17 PM (IST)

शिमला। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने सोलन जि़ला के कुनिहार में पूर्व मंत्री हरिदास ठाकुर की 33वीं पुण्यतिथि पर उनकी प्रतिमा पर पुष्पाजंलि अर्पित की। उन्होंने महाराजा पदम सिंह मेमोरियल स्टेडियम का लोकार्पण और बुशैहर रियासत के पूर्व शासक स्वर्गीय महाराजा पदम सिंह की प्रतिमा का भी अनावरण किया। यह प्रदेश में अपनी तरह की पहली प्रतिमा है। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कुनिहार में नवनिर्मित खेल स्टेडियम का लोकार्पण करने के उपरांत जनसभा को संबोधित करते हुए कुनिहार को उप-तहसील बनाने, घुनागुघाट तथा मांजु में प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र खोलने की भी घोषणा की। उन्होंने क्षेत्र के कांग्रेस नेता राजेन्द्र ठाकुर के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि वे हमेशा ही विकास कार्यों के प्रति लोगों को प्रोत्साहित करते रहते हैं।
उन्होंने कहा कि ठाकुर तथा इनसे जुड़े कुछ अन्य लोगों के प्रयासों की बदोलत ही पिछले 20 सालों से सूखे पड़े तालाब को आज यहां सुन्दर स्टेडियम में परिवर्तित किया गया है। उन्होंने कहा कि अर्की विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों व सड़कों के निर्माण पर 67 करोड़ रुपये की राशि खर्च की जा रही है। उन्होंने इन विकास कार्यों को संबंधित विभागों को मार्च, 2017 तक पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि षड्यंत्रों में लिप्त लोग कभी सफल नहीं होते हैं और अंत में हमेशा सच्चाई की जीत होती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के लोग मेहनती है और साजिशों के प्रति हमेशा सचेत रहते हैं और इन्हीं के कठिन परिश्रमों की बदोलत विकास का लक्ष्य प्राप्त हो सका है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश आज देशभर में अग्रणी विकसित राज्यों की श्रेणी में आता है। प्रदेश के गठन के समय राज्यों में 283 किलोमीटर सड़कें थी, जो आज बढ़कर 37 हज़ार किलोमीटर से अधिक हो गई है। प्रदेश ने शत-प्रतिशत विद्युतीकरण का लक्ष्य पूरा किया है।
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश ने शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क व अन्य सभी क्षेत्रों में अभूतपूर्व विकास किया है। उन्होंने कहा कि गत चार वर्षों के दौरान प्रदेश में 1329 नई पाठशालाएं खोली व स्तरोन्नत की गई और 42 नए महाविद्यालय प्रदेश के दूर-दराज क्षेत्रों में खोले गए। आज प्रदेश में महाविद्यालयों की संख्या बढ़कर 116 हो गई है और प्रदेश के दूर-दराज क्षेत्रों में रहने वाली लड़कियों को उनके घर के नजदीक उच्च शिक्षा की सुविधा प्राप्त हो रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के दूर-दराज क्षेत्रों में खोले गए कॉलेजों में लड़कों की अपेक्षा लड़कियों की संख्या अधिक होने पर उन्हें खुशी होती है। उन्होंने कहा कि हमें समय-समय पर प्रदेश व केन्द्र में रही कांग्रेस सरकारों पर गर्व है, जिन्होंने प्रदेश को विकास की राह पर अग्रसर किया। प्रदेश में विकास की लौ जलाने वालों को याद न करना अन्याय होगा।
वीरभद्र सिंह ने कहा कि कोई भी देश अपने अतीत को अनदेखा कर आगे नहीं बढ़ सकता है। अतीत से सीख कर ही आगे बढ़ा जा सकता है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग धर्म और हिन्दुत्व के नाम पर जनता को विभाजित करने का गलत प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत एक धर्म निरपेक्ष राज्य है और हमें धर्म के नाम पर विभाजित करने के बजाए सभी धर्मों का सम्मान करना चाहिए। उन्होंने इस अवसर पर स्कूली बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने पर 15 हज़ार रुपये की राशि प्रदान करने की भी घोषणा की।
इससे पूर्व, मुख्यमंत्री ने 34 लाख रुपये की लागत से निर्मित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (कन्या) के अतिरिक्त खण्ड का भी शुभारंभ किया। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. (कर्नल) धनीराम शांडिल ने नेताओं, जिनमें वे स्वयं शामिल है, को सलाह दी कि विकास कार्य के लिए सभी मिलजुल कर कार्य करे। उन्होंने कहा कि पिछले 20 वर्षों से सूखे पड़े तालाब की जगह पर अब स्टेडियम का निर्माण किया गया है। उन्होंने लोगों से समाज में आ रहे बदलाव को स्वीकार करने को भी कहा। उन्होंने कहा कि स्टेडियम के निर्माण से क्षेत्र के युवाओं और स्कूली विद्यार्थियों के कौशल में सुधार आएगा।
उन्होंने कहा कि हमें केवल विरोध के लिए विरोध नहीं करना चाहिए, बल्कि अपनी सोच बदल कर परिवर्तनों को स्वीकार करना चाहिए। विकास कार्यों के लिए सबको मिलजुल कर आगे आना चाहिए। पशु कल्याण बोर्ड के सदस्य व कुनिहार के पूर्व प्रधान राजेन्द्र ठाकुर ने मुख्यमंत्री से अर्की विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि यह अर्की विधानसभा क्षेत्र के सभी वरिष्ठ कांग्रेस जनों की आम राय है और वे वीरभद्र सिंह को आगामी विधानसभा चुनाव में अर्की से कांग्रेस का उम्मीदवार देखना चाहते हैं। उन्होंने अर्की, कुनिहार में कांग्रेस के लोगों से एकजुट होने का आग्रह किया तथा कहा कि पार्टी की सुदृढ़ता तथा क्षेत्र के विकास के लिए निजी हितों को छोड़कर सभी को एकत्रित होना होगा। उन्होंने मांजु पंचायत के पलोग में प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र खोलने का आग्रह किया।
इससे पूर्व, ग्राम पंचायत कुनिहार के प्रधान अरूणा ठाकुर ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। विधायक राम कुमार, प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष विक्रमादित्य सिंह, जि़ला कांग्रेस अध्यक्ष राहुल ठाकुर, हिप्र कांग्रेस समिति के महासचिव विनोद सुल्तानपुरी, कांग्रेस समिति के सचिव संजय भंडारी, महिला कल्याण आयोग की अध्यक्ष जेनब चंदेल, खादी बोर्ड के उपाध्यक्ष रमेश चौहान, लघु बचत के उपाध्यक्ष प्रकाश करड़, जोगिन्द्रा बैंक के अध्यक्ष मोहन मेहता, हिप्र पर्यटन विकास निगम के निदेशक मंडल के सदस्य सुरेन्द्र सेठी, पंचायत समिति अध्यक्ष नीलम रघुवंशी, वरिष्ठ कांग्रेस नेता अमर चंद पाल, संजय ठाकुर व अन्य गणमान्य व्यक्ति भी इस अवसर पर उपस्थित थे।

[@ बाबा का चमत्कार या लोगों का अंधविश्वास!]

[@ अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे]