BJPका यूपी घोषणापत्र,राममंदिर के लिए संवैधानिक तरीके से होगा काम

www.khaskhabar.com | Published : शनिवार, 28 जनवरी 2017, 08:40 AM (IST)

लखनऊ। बीजेपी ने शनिवार को उत्तर प्रदेश चुनाव के लिए अपना घोषणापत्र जारी कर दिया। पार्टी के राष्ट्रपति अमित शाह ने इस घोषणापत्र को ‘लोक कल्याण संकल्प पत्र’ नाम दिया है। इसमें जनता के समक्ष तमाम लोकलुभावन योजनाएं पेश की गईं। घोषण पत्र कार्यक्रम के लिए इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में अमित शाह द्वारा पेश किए गए मेनिफेस्टो में राम मंदिर और तीन तलाक जैसे संवेदनशील मुद्दों को भी जगह दी गई है। इस मौके पर पार्टी के प्रदेश प्रभारी ओम माथुर, पीयूष गोयल, योगी आदित्यनाथ, भूपेंद्र यादव, स्वामी प्रसाद मौर्य, बृजेश पाठक समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे।
बीजेपी ने मेनिफेस्टो में किसानों का लोन पूरी तरह माफ करने और भविष्य में बिना ब्याज कर्ज देने का ऐलान किया है। इसके अलावा छात्रों को लैपटॉप के साथ 1जीबी डेटा भी मुफ्त दिए जाने का वादा किया गया है। पार्टी ने अपने घोषणापत्र की टैगलाइन ‘गुंडामुक्त उत्तर प्रदेश, भ्रष्टाचार मुक्त उत्तर प्रदेश’ रखी है। इस मौके पर अमित शाह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में केंद्र की बीजेपी सरकार ने ढाई साल में ढाई लाख करोड़ रुपया ज्यादा भेजा है, लेकिन उसके बावजूद यहां बुनियादी सुविधाएं मुहैया नहीं कराई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि अकेली केंद्र की सरकार प्रदेश का विकास नहीं कर सकती। शाह ने कहा कि यूपी विकास की रेस में पिछड़ गया है। बीजेपी सत्ता में आई तो 15 साल की कमी 5 साल में पूरी कर दी जाएगी। हमारी सरकार आई तो यह जातिवाद और परिवारवाद की राजनीति का खात्मा होगा।
बीजेपी के घोषणा पत्र की ये हैं अहम बातें-


[@ यहां कब्र से आती है आवाज, ‘जिंदा हूं बाहर निकालो’ ]


1. सूबे के हर युवा को रोजगार का वादा।
2. किसानों के लोन और ब्याज होंगे माफ। भविष्य में कर्ज मुक्त ब्याज।
3. गन्ना किसानों को मिलेगी 6,000 करोड़ रुपये की सहायता।
4. मुख्यमंत्री कृषि सिंचाई फंड की होगी शुरुआत।
5. राम मंदिर के लिए होंगे संवैधानिक प्रयास।
6. सूबे में 6 नए एम्स बनाए जाने का ऐलान।
7. सफेद क्रांति के लिए बड़ी डेयरी योजना।
8. सीएम की निगरानी में बनेगा पूर्वांचल विकास बोर्ड।
9. कानून व्यवस्था 45 दिनों में दुरुस्त करने का वादा।
10. डायल 100 व्यवस्था होगी अपग्रेड। 15 मिनट में पुलिस पहुंचने का वादा।
11. महिलाओं की सुरक्षा के लिए बनेंगे एंटी रोमियो दल, 101 फास्ट ट्रैक कोर्ट का गठन।
12. यूपी के युवाओं को नौकरी में प्राथमिकता।
13. सभी अवैध मवेशी कत्लखाने बंद होंगे और यांत्रिक कत्लखाने शुरू होंगे।
14. एक लाख से ज्यादा खाली पुलिस पदों को एकसाथ भरने की प्रक्रिया शुरू होगी।
15. सांप्रदायिकता के कारण खाली होने वाले गांवों के लिए जिलाधिकारी को दोषी माना जाएगा।
16. सभी की एफआईआर धर्म और जाति के बिना सुनिश्चित किया जाएगा
17. भूमाफियाओं पर नकेल कसेंगे और हर जिले में एंटी भूमाफिया बल बनाया जाएगा
18. साल में प्रदेश में आए भ्रष्टाचार के मामलों के लिए टास्क फोर्स बनाएंगे
19. ग्रेड सी और डी की नौकरियों में इंटरव्यू खत्म कर दिए जाएंगे।
20. अगले पांच साल में 70 लाख रोजगार और स्वरोजगार के अवसर पैदा करेंगे
21. युवाओं को लेपटॉप देंगे और साथ ही 1 जीबी इंटरनेट भी सरकार देगी
22. सभी लड़कियों को ग्रेजुएशन तक की शिक्षा निशुल्क होगी।
23. सभी लडक़ों को 12वीं तक की शिक्षा निशुल्क होगी, साथ ही 50 फीसदी से अधिक के अंक लाने पर ग्रेजुएशन तक मुफ्त शिक्षा।
24. सभी कॉलेंजों में मुफ्त वाई-फाई सुविधा देगी सरकार।
25. संस्कृत विश्वविद्यालय की होगी स्थापना।

[@ EXCLUSIVE: डिंपल यादव को दी जाएगी अहम जिम्मेदारी]

[@ अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे]

26. हर घर में 24 घंटा बिजली पहुंचाएंगे।
27. मजदूरों को 2 लाख रुपये तक का फ्री बीमा।
28. हर घर में शौचालय और एलपीजी कनेक्शन मिलेगा।
29. कानपुर, झांसी, इलाहाबाद जैसे शहरों में फौरन मेट्रो सेवा शुरू करेंगे।
30. बुंदेलखंड के लिए बुंदेलखंड विकास बोर्ड का गठन होगा।
31. लखनऊ, नोएडा मेट्रो का विस्तार होगा।
32. 6 छोटे शहरों में हेलिकॉप्टर सेवा शुरू करेंगे।
33. पारंपरिक लघु उद्योगों को मिल सकेंगे आसानी से लोन।
34. ट्रिपल तलाक के मुद्दे पर मुस्लिम महिलाओं से राय लेकर यूपी की भावी बीजेपी सरकार सुप्रीम कोर्ट में अपना पक्ष रखेगी।
35. ई-कॉमर्स पोर्टल बनाकर हस्तशिल्प उत्पादों की अंतरराष्ट्रीय मार्केट तक में बिक्री होगी।
36. भाग्यलक्ष्मी योजना के तहत हर परिवार में जन्मी बेटी को 50 हजार का बॉण्ड।
37. गरीब परिवार में बेटी जन्मते ही पांच हजार की राशि।
38. तीन महिला बटालियन बनाई जाएंगी।
39. विधवा पेंशन के लिए उम्र सीमा समाप्त।
40. 25 नए मेडिकल कॉलेज और सुपर स्पेशलटी अस्पताल बनेंगे।
41. छात्रों को लैपटॉप के साथ एक जीबी फ्री डेटा देने का वादा।
42. यूपी में सरकार बनने के डेढ़ महीने के बाद ही पुलिस के डेढ़ लाख रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
43. फरार अपराधियों को 45 दिन  के अंदर गिरफ्तार कर जेल में डाला जाएगा।
44. यूपी में सरकारी बनी तो प्रदेश को पांच साल में बीमारू राज्य से विकसित राज्य बनाकर दम लेंगे।

इस गांव में अचानक लग जाती है आग, दहशत में लोग