केसीसीबी में भरे जायेंगे 425 पद : जगदीश सिपहिया

www.khaskhabar.com | Published : शुक्रवार, 27 जनवरी 2017, 5:39 PM (IST)

धर्मशाला। कांगडा केन्द्रीय सहकारी बैंक सीमित (केसीसीबी) के अध्यक्ष जगदीश सिपहिया ने शुक्रवार को पत्रकार वार्ता को सम्बोधित करते हुए बताया कि बैंक में तृतीय और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के 425 पद भरे जाने प्रस्तावित हैं। उन्होंने बताया वर्तमान में बैंक के पांच जोन में 210 शाखायें कार्य कर रही हैं।
उन्होंने बताया कि इन पदो के भरने से बैंक अपने उपभोक्ताओं को बेहतर सेवायें दे सकेगा। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में राष्ट्रीयकृत बैंकों की शाखायें नहीं हैं वहां केसीसीबी की शाखायें कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि लोगों की सुविधा के लिये बैंक द्वारा अब तक 77 एटीएम खोले गये हैं तथा आवश्यकतानुसार और भी एटीएम स्थापित किए जायेंगे। उन्होंने कहा कि एटीएम की सुरक्षा के लिये सुरक्षा कर्मी नियुक्त किये जायेंगे जिससे जहां एटीएम की सुरक्षा सुनिश्चित होगी वहीं लोगों को रोजगार के मौका भी मिलेंगें।
सिपहिया ने कहा कि 31 मार्च, 2013 तक जो ऋण खाते एनपीए के अन्तगत थे अगर वह 31 मार्च, 2017 तक अपना ऋण एक मुश्त जमा करवा देंगे तो उन्हें ब्याज में छूट प्रदान की जायेगी। उन्होंने कहा कि यह छूट 31 मार्च, 2017 तक ही उपलब्ध होगी।
इस अवसर पर बैंक की प्रबन्ध निदेशक राखिल काहलों, महा प्रबन्धक सतवीर मिन्हास, निदेशक करनैल राणा और जसवंत राणा सहित बैंक के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।

[@ अजब गजबः 200 ग्राम का गेहूं का दाना]