इस अभिनेता की पत्नी के साथ रोमांस करते नजर आएंगे रणबीर

www.khaskhabar.com | Published : बुधवार, 25 जनवरी 2017, 5:10 PM (IST)

गत वर्ष बच्चन परिवार की बहू ऐश्वर्या राय के साथ परदे पर रोमांस करते नजर आए रणबीर कपूर एक बार फिर से परदे पर शादीशुदा अभिनेत्री के साथ रोमांस करते नजर आएंगे। इस बार उनके साथ होंगी नेहा बाजपेयी जो अभिनेता मनोज बाजपेयी की पत्नी हैं। रणबीर कपूर और नेहा बाजपेयी की जोडी राजकुमार हिरानी की संजय दत्त बायोपिक में नजर आएगी। अभी तक इस फिल्म का कोई नाम तय नहीं हो पाया है, इसीलिए इसे संजयदत्त बायोपिक के नाम से पुकारा जा रहा है। कहा जा रहा है कि नेहा फिल्म में संजय दत्त की पत्नी मान्यता दत्त का किरदार निभाएंगी।

लगभग डेढ दशक पूर्व नेहा ने बॉबी देओल की फिल्म ‘करीब’ से बॉलीवुड में डेब्यू किया था। इस फिल्म का निर्माण व निर्देशन विधु विनोद चोपडा का था। इसके बाद नेहा ने अजय देवगन के साथ ‘होगी प्यार की जीत’, ऋतिक रोशन के साथ ‘फिजा’ और ऑफ बीट फिल्म ‘राहुल’ में काम किया है। रणबीर कपूर स्टारर इस फिल्म में सोनम कपूर उनकी युवा प्रेमिका की भूमिका में नजर आएंगी। इस फिल्म के किरदारों के लिए धीरे-धीरे सितारों के नामों की घोषणा की जा रही है।

[@ बॉलीवुड सेलिब्रिटी के हमशक्ल, खा जाएंगे धोखा! ]

आश्चर्य की बात यह है कि संजय दत्त के पिता के लिए जहां परेश रावल का नाम अब प्रमुखता के साथ सामने आ रहा है, वहीं उनकी माता नरगिस दत्त की भूमिका के लिए कोई नाम सामने नहीं आ पाया है। बीच में तब्बू का नाम संजय की मां की भूमिका के लिए आया था लेकिन कुछ दिनों बाद उनकी चर्चा समाप्त हो गई। ऐसे में अब यह कयास लगाये जा रहे हैं कि नरगिस दत्त की भूमिका किस अभिनेत्री के पास जाएगी।

[@ 2016 बॉलीवुड ब्रेकअप: नहीं टिक पाए 25 साल पुराने रिश्ते भी]

[@ अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे]