मतदान के महत्व को बताने के लिए बनाई 105 किमी लंबी मानव श्रृंखला

www.khaskhabar.com | Published : मंगलवार, 24 जनवरी 2017, 7:45 PM (IST)

धौलपुर। जिले के नागरिकों ने मंगलवार को देश और दुनिया को एक संदेश दिया और धौलपुर का नाम सुनहरे अक्षरों में लिख दिया। 1 लाख नागरिकों ने मतदाताओं को मतदान के महत्व के प्रति जागरूक करने के लिए बरैठा से बथुआ खो तक 105 किमी लम्बी मानव श्रृंखला बनाई । मानव श्रंखला में लोगों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। महिलाएं और पुरूष पारम्परिक वेशभूषा में नाचते गाते राष्ट्रीय राजमार्गों पर पहुंचे। मानव श्रृंखला में शामिल व्यक्ति मतदान का महत्व समझाते स्लोगन, चित्र वाले बैनर और तख्तियां हाथ में लिए थे। इस वर्ष के राष्ट्रीय मतदाता दिवस की थीम ‘भावी और युवा मतदाताओं का सशक्तिीकरण’ वाली तख्तियॉं भी लोगों के हाथों में थी।
उत्तर प्रदेश की सीमा पर बरैठा से करौली जिले की सीमा पर स्थित बिलौनी ग्राम पंचायत के बथुआ खो गांव तक यह 105 किमी लम्बी श्रंखला बनी। बरैठा, दयेरी, बोथपुरा, हिनोता, मनिया, दुबाटी, विरौंधा, विपरपुर, दूबरा, ओदी, पुरानी छावनी, सरानीखेडा,विश्नौदा, कोटरा, मरहौली, बिजौली, मत्सूरा, खानपुर मीना, उमरेह,सनोरा, नकसौंदा, चिलाचौंद, आंगई, रहरई, बरौली, बिझौली,सरमथुरा, चन्द्रावली,ढोमई, मढासिल, खरौली, बिलौनी ग्राम पंचायतों और धौलपुर शहर में मानव श्रंखला बनी। सुरक्षा के लिहाज से राष्ट्रीय राजमार्ग और अन्य मार्गों पर वाहन संचालन को रेगुलेट किया गया। सभी स्थानों पर पेयजल और चिकित्सा के पर्याप्त इन्तजाम किए गये थे। राज्य पशु धन विकास बोर्ड के अध्यक्ष जगमोहन सिंह बघेल, जिला कलेक्टर शुचि त्यागी, पुलिस अधीक्षक राजेश सिंह, बहादुर सिंह त्यागी ने बरैठा में मानव श्रंखला में भागीदारी की। जिला कलेक्टर ने मानव श्रंखला कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी सम्बन्धित लोगों, संगठनों का आभार प्रकट किया है। उन्होंने कहा कि इससे बहुत बढिया संदेश गया है। लोकतंत्रा में मताधिकार सबसे महत्वपूर्ण अधिकार है। आमजन को इसका महत्व समझाने के लिए जिला प्रशासन ने यह अभिनव पहल की जिसका सभी ने सकारात्मक रेस्पोन्स दिया।

[@ बिजली चोरी के मामले में जयपुर डिस्कॉम अव्वल, चोरी रोकने में बिजली विभाग नाकाम]

[@ अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे]